रायपुर।छत्तीसगढ़ व्यावसायिक परीक्षा मंडल (व्यापम) रायपुर द्वारा जल संसाधन विभाग के अमीन पदों के लिए भर्ती परीक्षा 7 दिसंबर 2025 को आयोजित की जाएगी। दोपहर 12 बजे से 2.15 बजे तक होने वाली इस परीक्षा में राज्यभर के 16 जिलों में कुल 2 लाख 29 हजार 970 अभ्यर्थी शामिल होंगे। परीक्षा को सुचारू, सुरक्षित और नकलविहीन बनाने के लिए व्यापम ने विस्तृत दिशा-निर्देश जारी किए हैं, जिनका पालन सभी परीक्षार्थियों के लिए अनिवार्य होगा। एक दिन पहले परीक्षा केंद्र देखने का निर्देश व्यापम ने अभ्यर्थियों से अपील की है कि वे परीक्षा से एक दिन पहले ही अपने परीक्षा केंद्र का अवलोकन कर लें, ताकि परीक्षा वाले दिन किसी भी प्रकार की असुविधा से बचा जा सके। परीक्षा के दिन उम्मीदवारों को कम से कम दो घंटे पहले केंद्र पहुंचना आवश्यक है, जिससे फ्रिस्किंग और फोटोयुक्त पहचान पत्र से सत्यापन की प्रक्रिया समय पर पूरी की जा सके। निर्देश के अनुसार, परीक्षा प्रारंभ होने के 30 मिनट पूर्व मुख्य द्वार बंद कर दिया जाएगा। चूंकि परीक्षा दोपहर 12 बजे से शुरू होगी, इसलिए केंद्र का मुख्य प्रवेश द्वार सुबह 11.30 बजे बंद हो जाएगा। इसके बाद किसी भी परीक्षार्थी को अंदर प्रवेश नहीं दिया जाएगा। हल्के रंग के आधी बांह वाले कपड़ों में ही प्रवेश परीक्षा में नकल या किसी भी प्रकार की गड़बड़ी की आशंका को रोकने के उद्देश्य से इस बार भी ड्रेस कोड लागू किया गया है। व्यापम ने स्पष्ट किया है कि परीक्षार्थी हल्के रंग के आधी बांह वाले कपड़े पहनकर ही परीक्षा केंद्र में प्रवेश कर सकेंगे। इसके अलावा काला, गहरा नीला/हरा, जामुनी, मैरून, बैंगनी तथा गहरा चॉकलेटी रंग पहनना सख्त वर्जित किया गया है। स्वेटर पहनने की विशेष अनुमति सर्दी को ध्यान में रखते हुए व्यापम ने परीक्षा के दौरान केवल साधारण स्वेटर (बिना पॉकेट) पहनने की अनुमति दी है। स्वेटर के लिए हल्के रंग होने या आधी बांह की अनिवार्यता नहीं होगी। लेकिन सुरक्षा जांच के वक्त स्वेटर को उतारकर जांच करानी होगी। धार्मिक एवं सांस्कृतिक परिधान पहनने वाले अभ्यर्थियों को केंद्र पर सामान्य समय से पहले रिपोर्ट करना होगा, क्योंकि उन्हें अतिरिक्त सुरक्षा जांच से गुजरना पड़ेगा। जांच के बाद ही ऐसे परिधानों को परीक्षा कक्ष में अनुमति दी जाएगी। इलेक्ट्रॉनिक उपकरण और अन्य वस्तुएं पूरी तरह प्रतिबंधित व्यापम ने स्पष्ट किया है कि परीक्षा केंद्र के अंदर संचार या इलेक्ट्रॉनिक उपकरण, इलेक्ट्रॉनिक घड़ी, पर्स, पाउच, स्कार्फ, बेल्ट, टोपी, जूता आदि ले जाना पूरी तरह प्रतिबंधित है। फुटवियर के रूप में उम्मीदवारों को केवल चप्पल पहनने की ही अनुमति होगी। इसके साथ ही कानों में किसी भी प्रकार का आभूषण पहनना भी वर्जित है। नियमों का उल्लंघन या किसी भी तरह के अनुचित साधनों का उपयोग करने पर कठोर कार्रवाई की जाएगी और अभ्यर्थिता समाप्त कर दी जाएगी। केवल काले या नीले बॉल पेन की अनुमति परीक्षा में अभ्यर्थी केवल काले या नीले बॉल पेन का ही उपयोग कर सकेंगे। अन्य प्रकार के पेन या इंक ले जाना मना है। व्यापम द्वारा जारी इन सभी दिशा-निर्देशों का उद्देश्य परीक्षा प्रक्रिया को पारदर्शी, तकनीक-सुरक्षित और नकलमुक्त बनाना है। अभ्यर्थियों से अपील की गई है कि वे समय से पहुंचे, तय ड्रेस कोड का पालन करें और प्रतिबंधित वस्तुएं साथ न लाएं, ताकि किसी भी प्रकार की कार्यवाही या निरस्तीकरण से बचा जा सके। परीक्षा के सुचारू संचालन को लेकर सभी जिलों में प्रशासन ने भी कड़े सुरक्षा और निगरानी इंतजाम सुनिश्चित किए हैं।





