Tuesday, February 24, 2026
More

    अल्ट्रा मैराथन में उमेश काकिरवार की ऐतिहासिक उपलब्धि, ओपी चौधरी ने दी बधाई

    राजनांदगांव। छत्तीसगढ़ के युवा धावक उमेश काकिरवार ने दक्षिण अफ्रीका में आयोजित 2025 अल्ट्रा मैराथन में 90 किलोमीटर की कठिन दौड़ 11 घंटे, 42 मिनट, 37 सेकंड में पूरी कर एक ऐतिहासिक उपलब्धि अपने नाम की है। इस सफलता के लिए उन्हें राज्य के वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं दी हैं। वित्त मंत्री ने कहा कि उमेश काकिरवार की यह उपलब्धि छत्तीसगढ़ ही नहीं, पूरे देश के लिए गर्व का विषय है। वे राज्य के पहले अल्ट्रा मैराथन फिनिशर बने हैं, जिन्होंने विश्व स्तर पर भारत और प्रदेश का नाम रोशन किया है। ओपी चौधरी ने कहा, “उमेश की यह उपलब्धि कठिन परिश्रम, अनुशासन, समर्पण और दृढ़ इच्छाशक्ति का प्रतीक है।उन्होंने यह दिखा दिया है कि अगर लक्ष्य स्पष्ट हो और मेहनत ईमानदार हो, तो कोई भी मंज़िल दूर नहीं। वे आज प्रदेश के युवाओं के लिए एक प्रेरणास्रोत बन गए हैं।” गौरतलब है कि दक्षिण अफ्रीका में आयोजित यह अल्ट्रा मैराथन विश्व के सबसे कठिन रेस आयोजनों में से एक मानी जाती है, जिसमें सीमित समय में लंबी दूरी  तय करनी होती है। उमेश ने इसमें भाग लेकर न केवल दौड़ पूरी की, बल्कि उसे निर्धारित समय के भीतर सफलतापूर्वक समाप्त भी किया। उमेश की इस जीत पर खेल प्रेमियों और नागरिकों में भी हर्ष का माहौल है। सोशल मीडिया से लेकर खेल संगठनों तक हर ओर से उन्हें बधाई मिल रही है। छत्तीसगढ़ के लिए यह एक ऐतिहासिक क्षण है, जिसने राज्य के खेल इतिहास में एक नया अध्याय जोड़ा है।

     

     

    Hot Topics

    Related Articles

    error: Content is protected !!