डोंगरगांव (दीपक अवस्थी)।डोंगरगांव में वर्षों से पनप रहे अवैध खनन के खेल पर आखिरकार प्रशासन ने करारा वार कर दिया। खनिज विभाग और प्रशासन की संयुक्त कार्रवाई में मुरुम की अवैध खुदाई व परिवहन करते कांग्रेस और भाजपा से जुड़े वाहन मालिकों के वाहनों को एक साथ जप्त कर लिया गया। इस कार्रवाई ने न केवल खनन माफिया बल्कि राजनीतिक गलियारों में भी खलबली मचा दी है।
खान एवं खनिज (विकास एवं विनियमन) अधिनियम 1957 की धारा 21 के तहत की गई इस सख्त कार्रवाई में एक जेसीबी मशीन और दो हाईवा सहित अन्य वाहन जप्त किए गए। सहायक खनिज अधिकारी भरत बंजारे के नेतृत्व में की गई जांच में खुलासा हुआ कि बिना किसी वैध अनुमति के मुरुम का उत्खनन और परिवहन धड़ल्ले से किया जा रहा था।
जप्त वाहनों में JCB क्रमांक Cg 08 BA 1100 और हाईवा क्रमांक CG 08 AT 0387 शामिल हैं। प्रशासनिक सूत्रों के मुताबिक, JCB मशीन के मालिक हर्ष बोहरा बताए जा रहे हैं, जिनका नाम कांग्रेस से जोड़ा जा रहा है। वहीं हाईवा CG 08 AT 0387 के मालिक हेमंत चोपड़ा, भाजपा के महामंत्री बताए जा रहे हैं। जबकि जे सी बी cg 08 BA 1100 को मुश्ताक खान पिता फरीद खान, निवासी निवाली (गुंडरदेही) चला रहा था।
कार्रवाई के बाद सभी जप्त वाहन डोंगरगांव थाना परिसर में पुलिस अभिरक्षा में खड़े कर दिए गए हैं। मौके पर नायब तहसीलदार झरना राजपूत, नायब तहसीलदार चिराग रामटेक सहित पुलिस बल मौजूद रहा। प्रकरण को नियमानुसार न्यायालय में प्रस्तुत किया जा रहा है।
खास बात
इस कार्रवाई ने उस सियासी ढाल को भी बेनकाब कर दिया है, जिसके सहारे अवैध खनन लंबे समय से फल-फूल रहा था। कांग्रेस और भाजपा—दोनों दलों से जुड़े नामों का एक ही कार्रवाई में सामने आना साफ संकेत देता है कि अवैध खनन का खेल किसी एक दल तक सीमित नहीं, बल्कि एक सुनियोजित नेटवर्क का हिस्सा है।





