संदीप यादव मुंगेली,कलेक्टर अमृत विकास तोपनो के निर्देश पर जिले में शिक्षा व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए स्कूलों का आकस्मिक निरीक्षण जारी है। इसी क्रम में जिला शिक्षा अधिकारी एल.पी. डाहिरे ने प्राथमिक एवं माध्यमिक शाला दुल्लापुर का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान निर्धारित स्टाफ में से केवल दो शिक्षक ही उपस्थित मिले, जबकि शेष स्टाफ अनुपस्थित पाया गया। इस पर डीईओ ने अनुपस्थित कर्मचारियों को शोकॉज नोटिस जारी करते हुए एक दिन का वेतन रोकने की कार्रवाई की।
इसी तरह हाई स्कूल झलियापुर के निरीक्षण में भी केवल एक शिक्षक उपस्थित मिला और बाकी स्टाफ गायब था। इसे गंभीरता से लेते हुए यहां भी अनुपस्थित कर्मचारियों को शोकॉज नोटिस जारी कर एक दिवस का वेतन रोका गया है।
निरीक्षण के दौरान दोनों ही विद्यालयों में मध्यान्ह भोजन का संचालन भी नहीं होना पाया गया, जिस पर संबंधित जिम्मेदारों को तत्काल व्यवस्था में सुधार के निर्देश दिए गए हैं।








