भाटापारा(मोहन तिवारी)छत्तीसगढ़ पंचायत सचिव संघ, जिला इकाई ने अपनी लंबित मांगों को लेकर मुख्य कार्यपालन अधिकारी, जिला पंचायत बलौदा बाजार-भाटापारा को ज्ञापन सौंपा है।
संघ ने चेतावनी दी है कि यदि 12 जुलाई 2026 तक उनकी मांगों का निराकरण नहीं किया गया, तो जिले के समस्त पंचायत सचिव 14 जुलाई से कलमबंद एवं कामबंद आंदोलन शुरू करेंगे। इसकी समस्त जिम्मेदारी शासन-प्रशासन की होगी। संघ के अनुसार पंचायत सचिव लंबे समय से अपनी विभिन्न लंबित मांगों के निराकरण की मांग कर रहे हैं, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं होने से सचिवों में असंतोष व्याप्त है।
संघ की प्रमुख मांगें: 15 वर्ष की सेवा पूर्ण कर चुके 12 सचिवों को पुनरीक्षित वेतनमान का लाभ तत्काल दिया जाए। प्रत्येक माह की 5 तारीख तक पंचायत सचिवों का वेतन भुगतान सुनिश्चित किया जाए। पूर्व में निलंबित सचिवों की एरियर राशि का शीघ्र भुगतान किया जाए। बिना ठोस कारण पंचायत सचिवों के निलंबन एवं स्थानांतरण पर रोक लगाई जाए ।
अतिरिक्त प्रभार वाले सचिवों के स्थान पर संलग्न सचिवों की पदस्थापना कर अतिरिक्त प्रभार से मुक्ति दिलाई जाए। सचिवों के वेतन से कटौती की गई एन.पी.एस. राशि तत्काल संबंधित खातों में जमा की जाए। 15 वर्ष की सेवा पूर्ण कर चुके सचिवों का लंबित एरियर भुगतान किया जाए।
सेवानिवृत्त होने वाले सचिवों को एन.पी.एस. की राशि तत्काल प्रदान की जाए। संघ ने स्पष्ट किया है कि यदि समय पर मांगें पूरी नहीं की गई तो आंदोलन करेंगे।






