धमतरी। धर्म नगरी के नाम से विख्यात धमतरी जिला में एक बार फिर इतिहास रचने वाला है। पहली बार गंगरेल बांध की शांत जलधारा पर महानदी रिवर बोट चैंपियनशिप का भव्य आयोजन होने जा रहा है। इस प्रतियोगिता में कुल 52 टीमें हिस्सा लेंगी। रोमांच से भरपूर इस मुकाबले में ग्रामीण अंचल की 3 महिला टीमों की दमदार भागीदारी रहेगी। यह आयोजन सिर्फ एक खेल नहीं बल्कि धमतरी के पर्यटन को नई पहचान देने की बड़ी पहल बनकर सामने आ रहा है। गंगरेल बांध जहा रोमांच और उत्साह का अनोखा संगम देखने को मिलेगा। ‘गंगरेल नौकायान उत्सव’ के तहत आयोजित हो रही महानदी रिवर बोट चैंपियनशिप को लेकर तैयारियां अब अंतिम चरण में हैं। रविवार को दोपहर 3 बजे से शुरू होने वाली इस प्रतियोगिता में धमतरी सहित आसपास के जिलों की कुल 52 टीमें हिस्सा ले रही हैं। 1000 मीटर की चुनौतीपूर्ण दूरी मचान हाट प्वाइंट से ब्लू एडवेंचर स्पोर्ट्स प्वाइंट तक टीमें अपनी ताकत और तालमेल का प्रदर्शन करेंगी। इस प्रतियोगिता की सबसे खास बात ये है कि महिला शक्ति की दमदार भागीदारी है। ग्राम लिर्रा की तीन महिला टीमें पारंपरिक लकड़ी की नाव के साथ इस प्रतियोगिता में उतर रही हैं। सीमित संसाधनों के बावजूद उनका हौसला और जज्बा इस आयोजन को और भी खास बना रहा है।





