दुर्ग। भिलाई के आकाश गंगा सुपेला मार्केट इलाके में उस वक्त हड़कंप मच गया, जब एक बड़े इलेक्ट्रॉनिक शो-रूम में आग की लपटें उठने लगी। आग की लपटें और धुएं का गुबार देखकर दुकान संचालक ने पुलिस और दमकल को सूचना दी। सूचना पर दमकल की 02 गाड़ियां मौके पर पहुंची और एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
दुकान के स्टोर रूम में इलेक्ट्रॉनिक सामान होने के कारण आग तेजी से बढ़ने लगी, लेकिन दो गाड़ी पानी की मदद से दमकल कर्मियों ने आग पर काबू पाया और फैलने से रोक लिया। हालांकि आग लगने का कारण अब तक अज्ञात है। वही इस आग में दुकान में रखे इलेक्ट्रॉनिक उपकरण जलकर खाक हो गए हैं, जिससे बड़े नुकसान की आशंका है, जिसका आकलन किया जा रहा है।भिलाई नगर सीएसपी सत्यप्रकाश तिवारी ने बताया कि शो रूम के चौथे माले पर आग लगी थी, जिसे निगम और बीएसपी की फायर टीम ने कंट्रोल कर लिया है। शार्ट-सर्किट से आग लगने की आशंका जताई जा रही है। वहीं स्थानीय लोगों ने बताया कि शोरूम में आग से निपटने के लिए जरूरी इंतजाम नहीं थे। फायर सेफ्टी के उपकरणों की कमी साफ नजर आई। फिलहाल आग पूरी तरह से काबू में है और स्थिति सामान्य हो गई है।





