एथलेटिक्स खिलाड़ियों का सम्मान, 51 खिलाड़ियों ने जूनियर नेशनल के लिए किया क्वालीफाई

रायपुर। 37वीं जूनियर वेस्ट जोन एथलेटिक्स चैंपियनशिप 2026 का आयोजन गोवा में हुआ, जिसमें छत्तीसगढ़ के एथलेटिक्स खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रदेश का नाम रोशन किया। प्रतियोगिता में छत्तीसगढ़ के खिलाड़ियों ने 10 स्वर्ण, 18 रजत और 12 कांस्य पदक सहित कुल 40 पदक अपने नाम किए।

खिलाड़ियों के उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर छत्तीसगढ़ के 51 खिलाड़ियों ने जूनियर नेशनल एथलेटिक्स चैंपियनशिप 2026, चेन्नई (तमिलनाडु) के लिए क्वालीफाई किया है। खिलाड़ियों की इस उपलब्धि से प्रदेश के खेल जगत में उत्साह का माहौल है।

उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले सभी खिलाड़ियों एवं पदाधिकारियों ने संचालनालय खेल एवं युवा कल्याण विभाग में संचालक खेल एवं युवा कल्याण विभाग श्रीमती आकांक्षा शिक्षा खलखो एवं उप संचालक श्रीमती रश्मि ठाकुर से मुलाकात की। इस दौरान संचालक एवं उप संचालक ने सभी खिलाड़ियों और पदाधिकारियों को उनकी उपलब्धि पर बधाई देते हुए आगामी राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए शुभकामनाएं दीं।

इस अवसर पर जी.एस. बामरा, परविंदर सिंह ग्रेवाल, आदित्य सिंह ठाकुर, रवि धनगर, रितिका सिंह, सुदर्शन सिंह, सुनील नायर, अनिरुद्ध सुना, दीपक पटेल, दिनेश तांडी, तुलसी साहू, हिमांशु चंद्राकर, आशीष जायसवाल एवं कपिल चौधरी सहित अन्य पदाधिकारी एवं खेल से जुड़े लोग उपस्थित रहे।

छत्तीसगढ़ के खिलाड़ियों की इस उपलब्धि को प्रदेश में एथलेटिक्स के बढ़ते स्तर और खिलाड़ियों की मेहनत का परिणाम माना जा रहा है।

Hot Topics

Related Articles