देश के कई हिस्सों में मौसम का मिजाज बदल रहा है। एक तरफ जहां बंगाल की खाड़ी में दबाव का क्षेत्र बन रहा है, वहीं उत्तर और मध्य भारत में ठंड और कोहरे ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा रखी हैं। IMD के मुताबिक, दक्षिण-पश्चिम बंगाल की खाड़ी के ऊपर स्थित गहरा दबाव उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ा है।
विभाग के अनुसार, इसके उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ते रहने की प्रबल संभावना है और ये आज शाम या रात तक पोट्टुविल और त्रिंकोमाली के बीच श्रीलंका तट को पार कर सकता है। इस वजह से तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में कई स्थानों पर आज और कल तेज बारिश हो सकती है।
वहीं केरल और माहे में भी बारिश की संभावना है। तमिलनाडु और पुडुचेरी के तटीय और अन्य इलाकों में कल सुबह तक तेज हवा चल सकती है। वहीं दक्षिण-पश्चिमी बंगाल की खाड़ी और हिंद महासागर क्षेत्र में तेज़ हवाओं के साथ तूफानी मौसम भी देखने को मिल सकता है।





