कबाड़ खाली करने के दौरान मालवाहक वाहन में फैला हाई वोल्टेज करंट, एक मजदूर की मौके पर हुई मौत, 2 गंभीर रूप से झुलसे

बालोद। जिले के झलमला क्षेत्र में रविवार को एक भयानक हादसा हुआ, जिसमें 11 केवी हाई वोल्टेज लाइन की चपेट में आने से एक मजदूर की मौके पर मौत हो गई और दो अन्य गंभीर रूप से झुलस गए। जानकारी के अनुसार, यह घटना घनश्याम कबाड़ी दुकान में मालवाहक गाड़ी से कबाड़ खाली करने के दौरान हुई। घटना के बाद मौके पर पहुंची बालोद थाना पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।

गाड़ी खाली करते समय हादसा

हादसे के समय कबाड़ी दुकान में मालवाहक वाहन से कबाड़ खाली करने का काम चल रहा था। इस दौरान अचानक ऊपर से गुजर रही 11 केवी हाई वोल्टेज लाइन के संपर्क में आने से वाहन में करंट फैल गया। दो मजदूरों ने समय रहते गाड़ी से नीचे छलांग लगाकर अपनी जान बचाई, लेकिन तीन मजदूर करंट की चपेट में आ गए।

एक की मौके पर मौत, दो अस्पताल में भर्ती

इस हादसे में दीनू सतनामी (50 वर्ष) की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, बीरा स्वामी पिल्ले उर्फ पांडे पिल्ले (38 वर्ष) और आतिश कुमार (29 वर्ष) गंभीर रूप से घायल हुए। घायलों को तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां बीरा स्वामी का उपचार शासकीय अस्पताल बालोद में और आतिश कुमार का इलाज निजी अस्पताल में जारी है।

जांच में जुटी पुलिस

घटना की सूचना मिलते ही बालोद थाना पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने मृतक का शव पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मर्ग कायम कर दिया है। मामले की जांच की जा रही है कि कार्यस्थल पर सुरक्षा मानकों की अनदेखी तो नहीं हुई थी। घटना के बाद से क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है।

Hot Topics

Related Articles