- अभिलेख, नामांतरण-विभाजन और लंबित मामलों की समीक्षा; समय-सीमा में निराकरण के निर्देश
डोंगरगांव( दीपक अवस्थी)।कमिश्नर सत्यनारायण राठौर ने को एसडीएम कार्यालय डोंगरगांव का आकस्मिक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने कार्यालयीन व्यवस्था, राजस्व अभिलेखों के संधारण, नामांतरण-विभाजन प्रकरणों की स्थिति और लंबित मामलों की संख्या की विस्तृत समीक्षा की। जनसुविधाओं से संबंधित व्यवस्थाओं का भी जायजा लिया गया।
निरीक्षण के दौरान संभागायुक्त ने स्पष्ट कहा कि प्रशासनिक पारदर्शिता, जवाबदेही और बेहतर सेवा प्रदाय सुनिश्चित करना प्राथमिकता है। उन्होंने लंबित राजस्व प्रकरणों को निर्धारित समय-सीमा में निराकृत करने के निर्देश अधिकारियों को दिए।
उन्होंने त्रुटि-सुधार से जुड़े मामलों में संबंधित पक्षकारों को अनिवार्य रूप से नोटिस जारी करने के निर्देश देते हुए कहा कि समयबद्ध सुनवाई और निराकरण सुनिश्चित किया जाए। संभागायुक्त ने कहा कि राजस्व संबंधी जनसमस्याओं का समाधान संवेदनशीलता और जिम्मेदारी के साथ किया जाना चाहिए।
निरीक्षण के दौरान एसडीएम डोंगरगांव श्रीकांत कोराम सहित अन्य अधिकारी और आमजन उपस्थित रहे।
चर्चाओं को भी मिला बल
संभागायुक्त इन दिनों संभाग के विभिन्न जिलों और कार्यालयों का लगातार दौरा कर रहे हैं। डोंगरगांव कार्यालय में हुए इस आकस्मिक निरीक्षण को लेकर क्षेत्र में चर्चाएं तेज हैं। स्थानीय स्तर पर इसे हाल में प्रशासनिक व्यवस्थाओं और प्रकरणों से जुड़े सवालों से भी जोड़कर देखा जा रहा है।





