कलेक्टर कुलदीप शर्मा ने अस्पताल पहुंचकर मरीजों से मुलाकात की और सुविधाओं को लेकर फीडबैक लिया

बलौदा बाजार: (मोहन तिवारी)छत्तीसगढ़ में स्वास्थ्य सुविधाओं को बेहतर बनाने की कवायद लगातार जारी है. शासन की कोशिश है कि मरीजों को एक छत के नीचे इलाज, दवा और टेस्ट तीनों मिले. शनिवार को कलेक्टर कुलदीप शर्मा जिला अस्पताल पहुंचे और वहां भर्ती मरीजों से मुलाकात की. भर्ती मरीजों से फीडबैक लेकर कलेक्टर ने पोषण पुनर्वास केंद्र का भी दौरा किया. जिन बच्चों का इलाज एनआरसी में चल रहा है, उन बच्चों के परिजनों से भी कलेक्टर ने फीडबैक लिया. कलेक्टर ने फिजियोथेरेपी सेंटर और पंचकर्म केंद्र को देखा और जरुरी दिशा निर्देश दिए.

 

जिला अस्पताल में जल्द लगेगी MRI मशीन

निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने अस्पताल में मरीजों की संख्या और जांच सुविधाओं की जानकारी अस्पताल प्रबंधन से ली. अधिकारियों ने बताया कि जिला अस्पताल में ओपीडी और लैब टेस्ट की संख्या में लगातार बढोत्तरी हो रही है. कलेक्टर ने कहा कि मरीजों की बढ़ती संख्या को देखते हुए स्वास्थ्य सुविधाओं को और बेहतर बनाए रखना जरूरी है. कलेक्टर ने लैब जांच रिपोर्ट की कॉपी मरीजों को मोबाइल पर व्हाट्सएप के माध्यम से उपलब्ध कराने की व्यवस्था शुरू करने के निर्देश दिए हैं. इसके साथ ही अस्पताल के विजिटिंग एरिया में मरीजों के परिजनों के लिए बैठने की सुविधा बढ़ाने और अतिरिक्त विजिटिंग चेयर लगाने को कहा है.वाट्सएप पर मिलेगी टेस्ट रिपोर्ट

कलेक्टर ने जिला अस्पताल में प्रस्तावित एमआरआई मशीन की स्थापना को लेकर अधिकारियों से जानकारी मांगी. कलेक्टर ने सिविल और तकनीकी कार्यों को जल्द पूरा कर मशीन स्थापना की प्रक्रिया तेज करने के निर्देश दिए. एमआरआई सुविधा शुरू होने से जिले के मरीजों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है. अभी गंभीर जांच के लिए मरीजों को दूसरे शहरों में जाना पड़ता है.

मरीजों से बातचीत कर जानी समस्याएं

निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने अस्पताल में भर्ती मरीजों और ओपीडी में आए लोगों से सीधे बातचीत की. कलेक्टर ने इलाज, दवाइयों और अस्पताल में मिल रही सुविधाओं के बारे में जानकारी जुटाई. उन्होंने मरीजों को बताया कि जिला अस्पताल में कई स्वास्थ्य सेवाएं निःशुल्क उपलब्ध कराई जा रही हैं, जिसका लाभ उनको मिल भी रहा है या नहीं. प्रसूती वार्ड में पहुंचकर कलेक्टर ने भर्ती महिलाओं के स्वास्थ्य की जानकारी ली और नवजात शिशुओं की माताओं को बेबी किट प्रदान किया.

एनआरसी में कुपोषित बच्चों की ली जानकारी

कलेक्टर कुलदीप शर्मा ने पोषण पुनर्वास केंद्र (एनआरसी) का भी निरीक्षण किया. यहां भर्ती 5 कुपोषित बच्चों और उनके अभिभावकों से मुलाकात कर बच्चों के स्वास्थ्य और उपचार की जानकारी ली. उन्होंने बच्चों का वजन कराया और भर्ती होने के बाद वजन में हुई वृद्धि की जानकारी ली। कलेक्टर ने बच्चों की माताओं से कहा कि जिस तरह एनआरसी में बच्चों को समय पर पौष्टिक भोजन दिया जा रहा है, उसी तरह घर पर भी बच्चों के खान-पान का ध्यान रखने का प्रयास करें। उन्होंने एनआरसी की रसोई का निरीक्षण कर भोजन सामग्री, पानी, बर्तन और साफ-सफाई व्यवस्था का जायजा लिया.

फिजियोथेरेपी सेंटर में रोजाना पहुंच रहे 45 मरीज

कलेक्टर कुलदीप शर्मा ने जिला अस्पताल परिसर स्थित फिजियोथेरेपी सेंटर का भी जायजा लिया. अधिकारियों ने बताया कि केंद्र में एक पुरुष और एक महिला फिजियोथेरेपिस्ट कार्यरत हैं. यहां प्रतिदिन करीब 45 मरीज और महीने में लगभग 980 मरीज उपचार के लिए पहुंच रहे हैं. केंद्र में विभिन्न व्यायाम उपकरणों के साथ 5 बेड की सुविधा उपलब्ध है. कलेक्टर ने मरीजों को मिल रही सुविधाओं की जानकारी लेते हुए व्यवस्था को और बेहतर बनाने के निर्देश दिए.

पंचकर्म केंद्र को सक्रिय करने के निर्देश

फिजियोथेरेपी सेंटर के प्रथम तल पर संचालित पंचकर्म केंद्र का भी कलेक्टर ने निरीक्षण किया. उन्होंने केंद्र में संसाधन, दवाइयों की उपलब्धता बढ़ाने और इसे पूरी क्षमता के साथ संचालित करने के निर्देश दिए. कलेक्टर ने कहा कि आयुष आधारित चिकित्सा सुविधाओं का लाभ भी अधिक से अधिक मरीजों तक पहुंचना चाहिए.

स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाना लक्ष्य

कलेक्टर कुलदीप शर्मा ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जिला अस्पताल में आने वाले मरीजों को बेहतर उपचार, जांच और अन्य सुविधाएं समय पर मिलनी चाहिए. कलेक्टर कहा कि अस्पताल में साफ-सफाई, मरीजों की सुविधा और स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान दिया जाए.

Hot Topics

Related Articles