कीटनाशक दुकानों पर छापा, 6 केंद्रों में मिली गड़बड़ी:बिक्री पर रोक, बिल नहीं देने से लेकर स्टॉक रजिस्टर में लापरवाही तक मिली कमियां

बलौदाबाजार कलेक्टर कुलदीप शर्मा के निर्देश पर कृषि विभाग ने शुक्रवार को जिलेभर में कीटनाशक बिक्री केंद्रों की जांच की। टीम ने 13 केंद्रों का निरीक्षण किया। इनमें से 6 केंद्रों पर गंभीर अनियमितताएं मिलीं। इसके बाद इन सभी केंद्रों पर 7 से 10 दिनों के लिए कीटनाशक की बिक्री पर रोक लगा दी गई है।

जांच के दौरान कई दुकानों पर किसानों को तय प्रारूप में बिल नहीं देने की शिकायत मिली। इसके अलावा स्टॉक रजिस्टर सही तरीके से नहीं रखा गया था। जरूरी पीसी जमा नहीं करने और दुकान में कीटनाशकों की मूल्य सूची नहीं लगाने जैसी कमियां भी सामने आईं।

इन 6 केंद्रों पर कार्रवाई

पलारी विकासखंड के ग्राम अमेरा में पटेल कृषि सेवा, जय दुर्गा कृषि केंद्र और शिवराम कृषि सेवा केंद्र की जांच में अनियमितताएं मिलीं। ग्राम छेरकापुर के वर्मा कृषि केंद्र और साहू कृषि सेवा केंद्र पर भी कार्रवाई की गई। इसके अलावा सिमगा विकासखंड के हिरमी स्थित कमल कृषि सेवा केंद्र पर भी बिक्री प्रतिबंध लगाया गया है।

5 विकासखंडों में चला जांच अभियान

कृषि विभाग की टीम ने पलारी, सिमगा, भाटापारा, कसडोल और बलौदाबाजार विकासखंड में कीटनाशक बिक्री केंद्रों की जांच की। निरीक्षकों सुचिन कुमार वर्मा, ऑलिव मेरी कुजूर, अवधेश उपाध्याय, धनेश्वर साय और लोकनाथ दीवान ने अलग-अलग केंद्रों का निरीक्षण किया।

एक सप्ताह में देना होगा जवाब

कृषि विभाग ने कीटनाशी अधिनियम, 1968 की विभिन्न धाराओं के तहत संबंधित दुकानदारों को कारण बताओ नोटिस जारी किया है। सभी को एक सप्ताह के भीतर जवाब देना होगा। जवाब संतोषजनक नहीं मिलने पर कीटनाशी लाइसेंस निलंबित करने की कार्रवाई की जाएगी।

आगे भी जारी रहेगी जांच

उप संचालक कृषि दीपक नायक ने सभी विक्रेताओं को उर्वरक, बीज, कीटनाशकों के भंडारण और बिक्री से जुड़े रिकॉर्ड नियमित रूप से रखने के निर्देश दिए हैं। स्टॉक रजिस्टर और बिल बुक में हर खरीद-बिक्री का सही विवरण दर्ज करना जरूरी है।

उन्होंने कहा कि निगरानी अभियान आगे भी जारी रहेगा। नियमों की अनदेखी करने वाले विक्रेताओं के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। विभाग की कार्रवाई से किसानों को गुणवत्तापूर्ण कृषि सामग्री मिलने और गलत तरीके से बिक्री पर रोक लगने की उम्मीद है।

 

Hot Topics

Related Articles