कॉन्स्टेबल ने शादी का झांसा देकर युवती से किया रेप

  • 3 साल तक बनाए संबंध, शादी की बात पर बोला – 2 बच्चे का पिता हूं

बिलासपुर में एक आरक्षक ने युवती से पहले दोस्ती की, फिर शादी का झांसा देकर 3 साल तक शारीरिक संबंध बनाए। जब युवती ने शादी का दबाव बनाया तो उसने खुद को पहले से शादीशुदा बताया और उसे धमकाने लगा।

युवती की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी आरक्षक को गिरफ्तार कर लिया है। मामला तखतपुर थाना क्षेत्र का है। पुलिस के अनुसार, 2023 में 22 वर्षीय युवती की पहचान सोशल मीडिया के जरिए तखतपुर में पदस्थ आरक्षक सुमंत मिरी से हुई थी। बातचीत के दौरान दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ीं।

आरोप है कि आरक्षक ने शादी का वादा कर युवती के साथ दुष्कर्म किया और करीब तीन साल तक शारीरिक संबंध बनाता रहा। इस दौरान वह लगातार शादी का भरोसा देता रहा।

युवती ने पुलिस को बताया कि आरक्षक का ट्रांसफर बिलासपुर पुलिस लाइन होने के बाद भी वह उससे मिलने आता था और हर बार शादी का भरोसा देता था। लेकिन जब युवती ने शादी के लिए दबाव बनाया तो उसने शादी से इनकार कर दिया।

आरोप है कि इसके बाद आरक्षक ने युवती को धमकाना शुरू कर दिया और उससे दूरी बनाने लगा। परेशान होकर युवती ने तखतपुर थाने में शिकायत दर्ज कराई।

शादीशुदा और दो बच्चे का पिता है आरक्षक

युवती ने शिकायत में बताया कि आरक्षक सुमंत मिरी पहले से शादीशुदा है और उसके दो बच्चे हैं। उसने यह बात उससे छिपाकर रखी थी। जब युवती ने शादी के लिए दबाव बनाया, तब उसने अपनी शादी और बच्चों की जानकारी दी।

सच्चाई सामने आने के बाद आरोपी ने युवती को धमकाना शुरू कर दिया। शिकायत के आधार पर पुलिस ने शुक्रवार को आरोपी आरक्षक को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। वहीं, पुलिस विभाग उसके खिलाफ विभागीय जांच और निलंबन की प्रक्रिया भी शुरू कर रहा है।

Hot Topics

Related Articles