खैरागढ़ जिले में स्वाइन फ्लू की दस्तक, 4 वर्षीय बालक H1N1 पॉजिटिव; स्वास्थ्य विभाग ने संभाला मोर्चा

खैरागढ़। खैरागढ़ जिले के छुईखदान क्षेत्र में स्वाइन फ्लू (H1N1) का मामला सामने आने से स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप मच गया है। नगर के वार्ड नंबर 9 स्थित कन्डरापारा निवासी 4 वर्षीय बालक कन्हैया चंद्राकर की H1N1 जांच रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। बालक का फिलहाल राजनांदगांव के संजीवनी अस्पताल में उपचार चल रहा है। मामला सामने आने के बाद स्वास्थ्य विभाग ने संक्रमण की संभावित रोकथाम के लिए क्षेत्र में सर्वे, जांच और जागरूकता अभियान शुरू कर दिया है।

जानकारी के मुताबिक, कन्डरापारा निवासी उद्धव चंद्राकर के 4 वर्षीय पुत्र कन्हैया की तबीयत बिगड़ने पर परिजनों ने उसे राजनांदगांव के संजीवनी अस्पताल में भर्ती कराया था। उपचार के दौरान चिकित्सकों ने आवश्यक जांच कराई, जिसमें बालक के H1N1 संक्रमित होने की पुष्टि हुई। रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद स्थानीय स्वास्थ्य विभाग को इसकी जानकारी दी गई।मामले की जानकारी मिलते ही खंड चिकित्सा अधिकारी डॉ. मनीष बघेल के नेतृत्व में स्वास्थ्य विभाग की टीम सक्रिय हुई। टीम ने संक्रमित बालक के घर पहुंचकर परिवार के सदस्यों की स्वास्थ्य जांच की और एहतियात के तौर पर उनके सैंपल भी लिए। टीम में लैब टेक्नीशियन अखिल वर्मा, सुपरवाइजर रोहित साहू समेत स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारी शामिल रहे।

संक्रमण के संभावित प्रसार को रोकने के लिए वार्ड नंबर 9 और आसपास के इलाकों में स्वास्थ्य विभाग की टीम घर-घर पहुंच रही है। सर्वे के दौरान लोगों से सर्दी, खांसी, बुखार, गले में खराश और सांस लेने में तकलीफ जैसे लक्षणों की जानकारी ली जा रही है। संदिग्ध लक्षण वाले लोगों की पहचान कर उन्हें चिकित्सकीय सलाह दी जा रही है। साथ ही लोगों को H1N1 से बचाव और संक्रमण से संबंधित जरूरी सावधानियों की जानकारी भी दी जा रही है।

 

Hot Topics

Related Articles