गणेश विसर्जन से पहले पुलिस ने निकाला फ्लैग मार्च

बलौदाबाजार। गणेश उत्सव के विसर्जन कार्यक्रम को शांतिपूर्ण और सुरक्षित तरीके से संपन्न कराने के लिए बलौदाबाजार पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। इसी के तहत गुरुवार शाम शहर में पुलिस ने फ्लैग मार्च निकालकर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक खोमन सिन्हा के नेतृत्व में निकाले गए फ्लैग मार्च में 50 से अधिक पुलिस अधिकारी और जवान शामिल हुए।

फ्लैग मार्च शाम करीब 6 बजे रक्षित केंद्र (पुलिस लाइन) से शुरू हुआ। पुलिस बल ने गार्डन चौक, नया बस स्टैंड सहित शहर के प्रमुख मार्गों, चौराहों और व्यावसायिक क्षेत्रों में पैदल गश्त की। इसके बाद पुलिस टीम डॉ. भीमराव अंबेडकर चौक पहुंची, जहां फ्लैग मार्च का समापन हुआ।

इस दौरान पुलिस अधिकारियों ने विभिन्न स्थानों पर सुरक्षा व्यवस्था का निरीक्षण किया और गणेश विसर्जन के दौरान निकलने वाली झांकियों को लेकर तैयारियों का जायजा लिया। शहर में बड़ी संख्या में पुलिस बल की मौजूदगी के माध्यम से सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस की तैयारियों का संदेश भी दिया गया।

फ्लैग मार्च में अनुविभागीय अधिकारी पुलिस उषा सोंधिया, उप पुलिस अधीक्षक यातायात मोनिका मरावी, रक्षित निरीक्षक सहित अन्य पुलिस अधिकारी और जवान मौजूद रहे।

यातायात व्यवस्था को लेकर उप पुलिस अधीक्षक मोनिका मरावी ने बताया कि विसर्जन झांकियों को ध्यान में रखते हुए आवश्यक तैयारियां की गई हैं। प्रमुख मार्गों और चौराहों पर पुलिस बल तैनात रहेगा। आवश्यकता पड़ने पर यातायात को डायवर्ट किया जाएगा, ताकि श्रद्धालुओं की आवाजाही के साथ सामान्य यातायात भी सुचारू बना रहे।

पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि गणेश विसर्जन के दौरान किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि दिखाई देने पर तत्काल पुलिस को सूचना दें और शांतिपूर्ण आयोजन में सहयोग करें।

Hot Topics

Related Articles