गरियाबंद : छत्तीसगढ़ के विभिन्न जिलों से आईं करीब 30 महिला बाइकर्स की मोटो क्वींस एडवेंचर टीम रविवार को जागरूकता अभियान के तहत गरियाबंद पहुंची। पुलिस अधीक्षक वेदव्रत सिरमौर ने हरी झंडी दिखाकर टीम को रवाना किया। इस अभियान का उद्देश्य महिला सशक्तिकरण के साथ-साथ सड़क सुरक्षा, स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और इको-टूरिज्म को बढ़ावा देना है।
रायपुर से राजिम होते हुए गरियाबंद पहुंची इस टीम में गृहिणियां, छात्राएं, डॉक्टर, इंजीनियर, शिक्षिकाएं, आईटी प्रोफेशनल और व्यवसायी महिलाएं शामिल हैं। करीब 30 महिला बाइकर्स लंबी दूरी की बाइक यात्रा के माध्यम से यह संदेश दे रही हैं कि महिलाएं हर क्षेत्र में अपनी अलग पहचान बना रही हैं और आत्मविश्वास के साथ हर चुनौती का सामना करने में सक्षम हैं।
यात्रा के दौरान टीम लोगों को हेलमेट पहनने, यातायात नियमों का पालन करने, स्वच्छता बनाए रखने और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक कर रही है। महिला बाइकर्स का कहना है कि सुरक्षित यातायात और स्वच्छ वातावरण केवल प्रशासन ही नहीं, बल्कि हर नागरिक की जिम्मेदारी है।
गरियाबंद पहुंचने के बाद टीम उदंती-सीतानदी टाइगर रिजर्व और ओड़ क्षेत्र का भ्रमण करेगी। यहां की प्राकृतिक सुंदरता, जैव विविधता और पर्यटन स्थलों का प्रचार-प्रसार कर इको-टूरिज्म को बढ़ावा दिया जाएगा। टीम का मानना है कि प्राकृतिक पर्यटन को बढ़ावा देकर स्थानीय लोगों के लिए रोजगार और विकास के नए अवसर भी सृजित किए जा सकते हैं।
महिला बाइकर्स ने कहा कि उनका यह अभियान केवल रोमांचक बाइक राइड नहीं, बल्कि समाज में सकारात्मक बदलाव लाने की एक पहल है। महिला सशक्तिकरण, सुरक्षित यातायात, स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण जैसे विषयों पर जनजागरूकता फैलाकर वे लोगों को जिम्मेदार नागरिक बनने के लिए प्रेरित कर रही हैं।






