चिल्फी-सहसपुर-खपरीकलां-लगरा मार्ग बदहाल, पूर्व जनपद सदस्य ने मरम्मत की उठाई मांग बारिश में बदहाल हुई सड़क, मरीजों को अस्पताल पहुंचाना मुश्किल

संदीप यादव मुंगेली/लोरमी। लोरमी तहसील क्षेत्र के ग्राम चिल्फी से सहसपुर, खपरीकलां होते हुए लगरा तक जाने वाली प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना की सड़क इन दिनों बदहाली का शिकार है।

सड़क पर जगह-जगह बड़े-बड़े गड्ढे, जलभराव और उखड़ी हुई सतह के कारण ग्रामीणों को आवागमन में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। बारिश के दिनों में स्थिति और भी गंभीर हो गई है। ग्रामीणों का कहना है कि खराब स्थिति के कारण पैदल चलना भी मुश्किल हो गया है। वहीं, दोपहिया वाहन चालकों के लिए यह मार्ग दुर्घटना का कारण बन रहा है। बारिश के बाद गड्ढों में पानी भर जाने से उनकी गहराई का अंदाजा नहीं लग पाता, जिससे वाहन फिसलने और हादसे का खतरा बना रहता है।

चिल्फी से लगरा तक का यह मार्ग आसपास के कई गांवों के लिए आवागमन का महत्वपूर्ण साधन है। आपात स्थिति में मरीज को लोरमी या मुंगेली जिला अस्पताल ले जाना पड़े तो खराब सड़क के कारण सफर और कठिन हो जाता है। ग्रामीणों के अनुसार लोरमी करीब 20 किलोमीटर और मुंगेली जिला अस्पताल लगभग 35 किलोमीटर दूर है। ऐसे में सड़क की खराब स्थिति के कारण एंबुलेंस और अन्य वाहनों को धीमी गति से चलना पड़ता है, जिससे मरीजों को समय पर उपचार मिलने में दिक्कत हो सकती है।

स्वास्थ्य सेवाओं पर भी पड़ रहा असर –
सड़क की बदहाली का सबसे गंभीर असर स्वास्थ्य सेवाओं पर देखने को मिल रहा है। क्षेत्र के ग्रामीणों के लिए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र खपरीकलां प्रमुख स्वास्थ्य सुविधा केंद्र है। खराब सड़क के कारण मरीजों को अस्पताल पहुंचाने में अधिक समय लग रहा है। विशेषकर गर्भवती महिलाओं, बुजुर्गों और गंभीर मरीजों को अस्पताल ले जाने में परिजनों को परेशानी उठानी पड़ रही है।

तत्काल निरीक्षण और मरम्मत की मांग 
स्थानीय निवासी एवं पूर्व जनपद सदस्य *अशोक चंद्राकर* ने सड़क की बदहाल स्थिति पर चिंता जताते हुए कहा कि चिल्फी से लगरा तक सड़क बेहद खराब हो चुकी है। ग्रामीणों को इस मार्ग से गुजरने में काफी दिक्कत हो रही है। सड़क केवल आवागमन का माध्यम नहीं, बल्कि ग्रामीणों की स्वास्थ्य, शिक्षा, रोजगार और दैनिक जरूरतों से जुड़ी महत्वपूर्ण कड़ी है।

अशोक चंद्राकर ने शासन और संबंधित विभाग के अधिकारियों से मांग की है कि चिल्फी-सहसपुर-खपरीकलां-लगरा मार्ग का तत्काल निरीक्षण कराया जाए। सड़क के गड्ढों को भरने के साथ जलभराव की समस्या का स्थायी समाधान किया जाए तथा आवश्यकतानुसार सड़क की मरम्मत कराई जाए। उन्होंने कहा कि ग्रामीण लंबे समय से इस समस्या से जूझ रहे हैं और बारिश के दौरान स्थिति और गंभीर हो जाती है। ऐसे में संबंधित विभाग को ग्रामीणों की समस्या को गंभीरता से लेते हुए जल्द कार्रवाई करनी चाहिए।

Hot Topics

Related Articles