छत्तीसगढ़ आगमन पर अनिमेष कुजूर का हुआ सम्मान

एशियाई खेलों में कांस्य पदक जीतकर बढ़ाया देश और प्रदेश का गौरव, छत्तीसगढ़ ओलंपिक एसोसिएशन ने दी बधाई

रायपुर। छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले के प्रतिभाशाली एथलीट अनिमेष कुजूर ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर शानदार प्रदर्शन कर देश और प्रदेश का गौरव बढ़ाया है। 20वें एशियाई खेलों में मिक्स्ड रिले स्पर्धा में कांस्य पदक जीतने के बाद छत्तीसगढ़ आगमन पर उनका सम्मान किया गया। इस अवसर पर छत्तीसगढ़ ओलंपिक एसोसिएशन के महासचिव विक्रम सिंह सिसोदिया ने अनिमेष कुजूर एवं उनके परिजनों को सम्मानित कर बधाई और शुभकामनाएं दीं।

अनिमेष कुजूर भारतीय एथलेटिक्स के उभरते हुए प्रतिभाशाली खिलाड़ियों में शामिल हैं। वे अब तक कई अंतरराष्ट्रीय एथलेटिक्स प्रतियोगिताओं में देश के लिए पदक जीतकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर चुके हैं। इसके साथ ही वे 100 मीटर और 200 मीटर दौड़ में राष्ट्रीय रिकॉर्ड धारक भी हैं। उनकी उपलब्धियां प्रदेश के युवा खिलाड़ियों के लिए प्रेरणास्रोत हैं।

सम्मान समारोह के दौरान विक्रम सिंह सिसोदिया ने एशियाई खेलों की 200 मीटर दौड़ स्पर्धा में अनिमेष कुजूर के पांचवें स्थान पर रहने पर भी उनका उत्साहवर्धन किया। उन्होंने आगामी अंतरराष्ट्रीय एथलेटिक्स चैंपियनशिप की तैयारियों और प्रशिक्षण को लेकर अनिमेष से विस्तार से चर्चा की। साथ ही उनके खेल को और बेहतर बनाने के लिए छत्तीसगढ़ सरकार की ओर से हरसंभव सहयोग दिलाने का आश्वासन दिया।

इस अवसर पर जी.एस. बामरा, परविंदर सिंह ग्रेवाल, आदित्य सिंह ठाकुर, रितिका सिंह सहित एथलेटिक्स खेल से जुड़े प्रशिक्षक एवं पदाधिकारी उपस्थित रहे। सभी ने अनिमेष कुजूर को उनकी उपलब्धियों के लिए बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

अनिमेष कुजूर की सफलता ने एक बार फिर साबित किया है कि छत्तीसगढ़ की प्रतिभाएं अंतरराष्ट्रीय खेल मंच पर अपनी पहचान बना रही हैं। उनके प्रदर्शन से प्रदेश के युवा खिलाड़ियों को आगे बढ़ने और देश के लिए पदक जीतने की प्रेरणा मिलेगी।

Hot Topics

Related Articles