छत्तीसगढ़ के बिजली उपभोक्ताओं को प्रीपेड स्मार्ट मीटर के जरिए बिजली का उपयोग करना होगा

रायपुर।छत्तीसगढ़ के 11 लाख बिजली उपभोक्ताओं के लिए बड़ी खबर सामने आई है। बिजली बिल जमा करने के लिए रूल बदल गए हैं। अब बिजली बिल आने पर नहीं बल्कि स्‍वयं रिचार्ज  करने के बाद आप बिजली का उपयोग कर सकेंगे। ऐसी व्‍यवस्‍था जून 2025 से शुरू हो जाएगी। प्रीपेड स्मार्ट मीटर के जरिए बिजली का उपयोग करना होगा। इसके लिए उपभोक्ताओं को मीटर को रिचार्ज कराना होगा।जिन घरों में अभी तक स्मार्ट मीटर नहीं लगा है, उन्हें इस साल के अंत तक यह सुविधा मिल जाएगी। केंद्र सरकार की रिवैम्पड डिस्ट्रीब्यूशन सेक्टर स्कीम (RDSS) के तहत ये मीटर लगाए जा रहे हैं। स्मार्ट मीटर लगाने के मामले में छत्तीसगढ़ देश में तीसरे स्थान पर पहुंच गया है।

कृषि उपभोक्‍ताओं को मिलेगी छूट

आरडीएसएस योजना के तहत छत्‍तीसगढ़ के किसानों को प्रीपेड स्‍मार्ट मीटर स्‍क्रीम से दूर रखा जाएगा। उनको प्रीपेड मीटर नहीं दिए जाएंगे। बाकी सभी बिजली उपभोक्ताओं के घरों में प्रीपेड स्मार्ट मीटर लगाए जाएंगे। इस मीटर की खास बात यह है कि इसकी मैनुअल रीडिंग की आवश्यकता नहीं होगी। बिजली कर्मचारी स्टेशन से ही प्रत्येक घर की बिजली की खपत की गणना कर सकेंगे।

मार्च तक इतने लग चुके थे शहरों में मीटर

प्रदेश की बात करें तो मार्च महीने में प्रदेश के अलग-अलग प्रमुख शहरों में मीटर  लगाने का काम किया गया है। इस दौरान राजधानी रायपुर स्मार्ट मीटर  लगाने के मामले में अग्रणी है, जहां 2 लाख 59 हजार मीटर लगाए जा चुके हैं। बिलासपुर में 1 लाख 9 हजार, धमतरी में 98 हजार, बलौदाबाजार में 78 हजार, महासमुंद में 82 हजार, राजनांदगांव में 67 हजार, जांजगीर-चांपा में 29 हजार और कोरबा में 42 हजार स्मार्ट मीटर लगाए जा चुके हैं। इस तरह पूरे प्रदेश में कुल 11 लाख प्रीपेड मीटर लगाए जा चुके हैं।

 

5.5 लाख कृषि उपभोक्‍ताओं को रखा बाहर

छत्तीसगढ़ राज्य विद्युत वितरण कंपनी  के अनुसार, प्रदेश में वर्तमान में 59 लाख बिजली उपभोक्ता हैं। इनमें से लगभग 5 लाख 50 हजार उपभोक्ता कृषि कनेक्शन वाले हैं, जिन्हें इस योजना से बाहर रखा गया है। इसको लेकर पूर्व में ही गाइलाइन जारी कर दी गई है।

बैलेंस खत्‍म होते ही कट जाएगी बिजली

स्मार्ट मीटर  के सक्रिय हो जाने के बाद उपभोक्ताओं को एडवांस में रिचार्ज कराना अनिवार्य रहेगा। रिचार्ज खत्म होते ही बिजली अपने आप कट जाएगी। हालांकि, रिचार्ज खत्म होने से पहले ही उपभोक्ताओं के फोन पर बैलेंस रिचार्ज का मैसेज आ जाएगा, ताकि वे समय रहते रिचार्ज करा सकें।

 

स्मार्ट मीटर लगने से ये होंगे फायदे

  • मैनुअल रीडिंग की आवश्यकता नहीं।
  • बिजली की खपत की रीयल-टाइम जानकारी।
  • रिचार्ज खत्म होने पर बिजली स्वतः कट जाएगी।
  • उपभोक्ताओं को समय पर रिचार्ज के लिए अलर्ट।

Hot Topics

Related Articles