बालोद। जिले में कीमती चंदन के पेड़ों की चोरी का मामला सामने आया है। बालोद थाना क्षेत्र के ग्राम हथौद स्थित महर्षि मुक्तानंद आश्रम परिसर में अज्ञात चोरों ने खेत की मेड़ पर लगे पांच चंदन के पेड़ों को काटकर चोरी कर लिया। चोरी किए गए चंदन के पेड़ों की कीमत करीब 5 लाख रुपये बताई जा रही है। घटना के बाद आश्रम प्रबंधन की शिकायत पर पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार, चोरों ने आश्रम परिसर में लगी सुरक्षा जाली को काटकर अंदर प्रवेश किया और रात के समय चंदन के पेड़ों को काटकर उनके तने लेकर फरार हो गए। मामले में पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 305 और 331(4) के तहत अपराध दर्ज किया है। पुलिस अब आरोपियों की पहचान और उनकी तलाश में जुट गई है। जानकारी के मुताबिक, ग्राम सांकरा (क) निवासी पवन कुमार साहू महर्षि मुक्त लोक सेवा सार्वजनिक न्यास हथौद के सचिव और सरस्वती शिशु उच्च माध्यमिक विद्यालय हथौद के प्राचार्य हैं। उन्होंने पुलिस को दी गई शिकायत में बताया कि आश्रम के पास करीब 5 एकड़ 9 डिसमिल भूमि है। इसी कृषि भूमि की मेड़ पर लगभग 20 साल पहले मलयागिरि प्रजाति के आठ चंदन के पेड़ लगाए गए थे। बताया गया कि ये पेड़ लंबे समय से आश्रम परिसर की शोभा बढ़ा रहे थे। चंदन की लकड़ी काफी कीमती होने के कारण इन पेड़ों की सुरक्षा भी की जा रही थी। लेकिन अज्ञात चोरों ने मौका देखकर इस वारदात को अंजाम दे दिया। एफआईआर के अनुसार, 8 जुलाई की सुबह विद्यालय के आचार्य ठाकुर राम साहू ने आश्रम प्रबंधन को फोन कर सूचना दी कि परिसर में लगे चंदन के पेड़ काट दिए गए हैं। जानकारी मिलते ही पवन कुमार साहू मौके पर पहुंचे और पूरे क्षेत्र का निरीक्षण किया। मौके पर पहुंचने के बाद देखा गया कि खेत की बाहरी मेड़ पर लगी लोहे की जाली को काटा गया था। निरीक्षण करने पर पता चला कि चंदन के पांच पेड़ों के तने गायब हैं। वहीं, पेड़ों की शाखाएं और कटे हुए ठूंठ मौके पर पड़े हुए थे। इससे आशंका जताई गई कि चोरों ने पहले पेड़ों को काटा और फिर उनके कीमती तनों को अपने साथ ले गए। पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि यह घटना 7 और 8 जुलाई की दरम्यानी रात की हो सकती है। अनुमान है कि चोरों ने रात के अंधेरे का फायदा उठाकर जाली काटी और आश्रम परिसर में प्रवेश किया। इसके बाद उन्होंने चंदन के पेड़ों को काटकर तने चोरी कर लिए। चंदन की लकड़ी बाजार में काफी महंगी मानी जाती है। इसी वजह से चंदन के पेड़ों की चोरी के मामले पहले भी सामने आते रहे हैं। पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि चोरी में कितने लोग शामिल थे और क्या आरोपियों ने पहले से पेड़ों की जानकारी जुटाई थी। बालोद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।






