Wednesday, July 30, 2025
More

    छुरिया में राजगामी की जमीन पर सालों से अवैध कब्जा, प्रशासन ने चलाया बुल्डोजर – 26 अतिक्रमणकारियों के खिलाफ की गई कार्रवाई

    छुरिया। नगर पंचायत क्षेत्र में राजगामी संपदा की भूमि पर पिछले कई वर्षों से अवैध कब्जा जमाए लोगों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए आज बुलडोजर चलाकर अतिक्रमण ढहा दिया गया। 26 अतिक्रमणकारियों के खिलाफ कार्रवाई की गई।

    सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार छुरिया में राजगामी संपदा की बड़ी भूमि है। बताया जाता है कि यहां कई लोगों ने बाड़ी बनाकर कब्जा किया। इसके बाद अतिक्रमण का दायरा धीरे-धीरे बढ़ाते चले गए और पक्के मकान तक का निर्माण कर लिया गया। राजगामी की इस भूमि पर हुए अवैध कब्जे की शिकायत संबंधित अधिकारियों से की गई। आखिरकार राजगामी संपदा ने नगर पंचायत क्षेत्र छुरिया में स्थित राजगामी की भूमि का सर्वे कराया। यहां खसरा नंबर 442 का टूकड़ा 3880 वर्ग फीट पर बाड़ी बनाकर कब्जा किए जाने की शिकायत सही पायी गई।नोटिस जारी कर अतिक्रमणकारियों को एक सप्ताह का दिया गया था समय

    सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार राजगामी संपदा की भूमि का सर्वे कराने से 26 लोगों द्वारा अतिक्रमण कर बाड़ी व मकान निर्माण किए जाने की शिकायत पायी गई। इसके पश्चात छुरिया तहसील कार्यालय से सभी 26 अतिक्रमणकारियों को गत 25 मई को नोटिस जारी किया गया, जिसमें उन्हें एक सप्ताह अर्थात 2 जून तक अवैध कब्जा हटाने के लिए समय सीमा दी गई। इसके बावजूद अतिक्रमणकारियों ने अवैध कब्जा हटाने में कोई रूचि नहीं दिखाई। आखिरकार आज राजस्व व पुलिस प्रशासन की टीम ने अतिक्रमण पर बुल्डोजर चलाकर उसे ढहा दिया। इस दौरान नायब तहसीलदार विजय साहू, छुरिया थाना प्रभारी निरीक्षक संतोष भूआर्य, पटवारी श्री कोमा सहित राजस्व विभाग के अन्य कर्मचारी उपस्थित थे।

    रसूखदारों ने भी किया कब्जा, कार्रवाई नहीं

    सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार नगर पंचायत क्षेत्र में राजगामी संपदा की बड़ी भूमि पर कई रसूखदारों ने भी अवैध कब्जा कर पक्के मकानों का निर्माण कर लिया है। इसकी भी शिकायत राजगामी संपदा के स्थानीय अधिकारियों से कई बार की गई लेकिन राजगामी संपदा के अधिकारियों ने अतिक्रमण करने वाले रसूखदारों के खिलाफ अब तक कोई कार्रवाई नहीं की है।

    राजगामी संपदा से हटाया गया अवैध कब्जा-अभिषेक तिवारी

    डिप्टी कलेक्टर व राजगामी संपदा के मुख्य कार्यपालन अधिकारी अभिषेक तिवारी ने कहा कि छुरिया नगर पंचायत सीमा में राजगामी की भूमि पर अतिक्रमण की शिकायत मिली थी। आज 26 अतिक्रमणकारियों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए अवैध कब्जा हटाए गए। यह कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।

    Hot Topics

    Related Articles

    error: Content is protected !!