जनदर्शन में 520 से अधिक फरियादियों से मिले, बुजुर्ग को तत्काल दिया श्रवण यंत्र

संदीप यादव मुंगेली / लोरमी,  उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने आज लोरमी विश्राम गृह में आयोजित जनदर्शन कार्यक्रम में आम नागरिकों से सीधा संवाद किया। उन्होंने कहा कि जनता की समस्याओं का त्वरित समाधान शासन-प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है और किसी भी नागरिक को अपनी जायज मांग के लिए भटकना नहीं पड़ेगा।

शासन और जनता के बीच सीधा संवाद स्थापित करने के उद्देश्य से आयोजित इस जनदर्शन में क्षेत्र भर से 520 से अधिक आवेदकों ने डिप्टी सीएम के समक्ष अपनी मांगें, समस्याएं और शिकायतें रखीं। लोगों ने स्थानीय विकास, सड़क, पानी, बिजली, आवास, पेंशन और रोजगार से जुड़ी समस्याएं सामने रखीं। उप मुख्यमंत्री ने सभी आवेदनों को गंभीरता से सुना और संबंधित विभागों को नियमानुसार त्वरित कार्यवाही के निर्देश दिए।

मांग पर तत्काल मिला लाभ –
जनदर्शन में संवेदनशीलता की मिसाल भी देखने को मिली। ग्राम तुलसाघाट निवासी लाल दास खाण्डेकर द्वारा श्रवण यंत्र की मांग करने पर उप मुख्यमंत्री ने तत्काल मौके पर ही उन्हें श्रवण यंत्र प्रदान कर लाभान्वित किया। वहीं ग्राम लाखासार निवासी हितेश साहू को आय प्रमाण पत्र मौके पर ही प्रदान किया गया।

इस अवसर पर श्री साव ने शारदीय नवरात्रि की सभी नागरिकों को बधाई और शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि मां दुर्गा की कृपा से सभी के जीवन में सुख, शांति और समृद्धि आए। नवरात्रि आस्था और सकारात्मक ऊर्जा का प्रतीक है।

विकास कार्यों में तेजी का आश्वासन –
उप मुख्यमंत्री ने कहा कि क्षेत्र के समग्र विकास के लिए विभिन्न निर्माण कार्यों को तेजी से आगे बढ़ाया जा रहा है। अधोसंरचना को मजबूत करने और नागरिकों को बेहतर सुविधाएं देने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। जनहित से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता दी जाएगी। उन्होंने कहा कि जनदर्शन जैसे कार्यक्रमों से जनता की वास्तविक समस्याएं सामने आती हैं और उनके समाधान में मदद मिलती है।

धान खरीदी पर बोले डिप्टी सीएम –
धान खरीदी को लेकर उन्होंने कहा कि किसानों को धान बेचने में किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए सभी तैयारियां की जा रही हैं। धान खरीदी किसानों से जुड़ा महत्वपूर्ण विषय है, इसलिए व्यवस्थाओं को सुचारू और व्यवस्थित बनाया जा रहा है।

इस दौरान जिला पंचायत सीईओ  गोकुल रावटे, वनमंडलाधिकारी  तन्यम कौशिक, लोरमी एसडीएम श्रीमती रेखा चंद्रा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और बड़ी संख्या में स्थानीय जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।

Hot Topics

Related Articles