डोंगरगांव(घनश्याम साव)। जनपद पंचायत डोंगरगांव की सामान्य सभा की बैठक जनपद अध्यक्ष रंजीता पडोती की अध्यक्षता में संपन्न हुई। बैठक में जनपद क्षेत्र में संचालित विकास एवं निर्माण कार्यों की समीक्षा करते हुए विभिन्न विभागों के कार्यों की प्रगति पर विस्तार से चर्चा की गई। साथ ही गौण खनिज मद की राशि से विभिन्न विकास कार्यों के प्रस्तावों का अनुमोदन कर स्वीकृति हेतु अनुशंसा की गई।
बैठक में सामान्य प्रशासन, शिक्षा, जल संसाधन, महिला एवं बाल विकास, स्वास्थ्य, वन तथा लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) सहित कुल 24 विभागों की विभागवार समीक्षा की गई। जनपद अध्यक्ष रंजीता पडोती ने सभी विभागीय अधिकारियों को शासन की योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने तथा विकास कार्यों में गुणवत्ता एवं समयबद्धता बनाए रखने के निर्देश दिए।
सामान्य सभा में गौण खनिज मद से जनपद क्षेत्र की विभिन्न ग्राम पंचायतों की आवश्यकताओं को देखते हुए कुल 11 विकास कार्यों के लिए लगभग 7.95 लाख रुपये की राशि का अनुमोदन कर स्वीकृति हेतु अनुशंसा की गई। इनमें अर्जुनी में देवांगन समाज भवन हेतु किचन शेड निर्माण, बुद्धभरदा में कृष्ण मंच पर टाइल्स कार्य, ग्राम जामसरारखुर्द (ग्राम पंचायत ओड़ाखाबांध) में बोर खनन, सिंगारपुर स्थित शंकर मंदिर के पास टाइल्स एवं माइक सेट कार्य, मेढ़ा स्कूल में टाइल्स कार्य, कोहका (मो.) में गणेश मंच निर्माण, सालिकझिटिया में एक्रेलिक लाइट, बड़गांवचारभांठा के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में स्टोर रूम निर्माण तथा किरगी (ब.), बुद्धभरदा एवं बनहरदी में वाटर कूलर स्टैंड निर्माण कार्य शामिल हैं।
बैठक में मुख्य कार्यपालन अधिकारी रोशनी भगत, एसडीओ श्रीकांत देवांगन, सभापति जया साहू, सभापति टुम्मनलाल साहू, रेशमा साहू, उमेश कुमार साहू, ममता पटेल, गेंदाबाई साहू, दीपक डोमन पटेल, कांति बाई, द्वारिका प्रसाद टंडन, पार्वती, लखन सूर्यवंशी, कुमान नेताम, रवि साहू, हरीला साहू, सरिता मदन साहू, शोभना पटेल, अनिता पंचारी, रेशम साहू तथा विधायक प्रतिनिधि रोशन साहू सहित जनपद सदस्य एवं विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।






