जशपुर: नाबालिग बेटी से दुष्कर्म करने वाले पिता को आजीवन कारावास

  • एक माह में पूरी हुई डीसी जांच, कोर्ट ने सुनाई उम्रकैद

जशपुर: (अभिनाथ चौहान) कांसाबेल थाना क्षेत्र में दर्ज एक अत्यंत संवेदनशील पॉक्सो प्रकरण में जशपुर पुलिस की त्वरित विवेचना और प्रभावी अभियोजन के चलते आरोपी पिता को आजीवन कारावास की सजा सुनाई गई है। अतिरिक्त जिला एवं सत्र न्यायाधीश (एफटीसी) एवं विशेष न्यायालय (पॉक्सो), जशपुर के न्यायाधीश जनार्दन खरे ने आरोपी कलेश्वर राम विश्वकर्मा (42 वर्ष) को अपनी ही 13 वर्षीय नाबालिग पुत्री से दुष्कर्म का दोषी पाते हुए उम्रकैद की सजा सुनाई।

पुलिस के अनुसार, पीड़िता की माता ने थाना कांसाबेल में शिकायत दर्ज कराई थी कि उसका पति पिछले तीन वर्षों से अपनी नाबालिग पुत्री के साथ लगातार दुष्कर्म कर रहा था। शिकायत के आधार पर अपराध क्रमांक 75/2026 दर्ज कर भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 65(2), 296, 351(2), 115(2) तथा पॉक्सो अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत मामला कायम किया गया।

मामले की गंभीरता को देखते हुए डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राकेश कुमार पाटनवार के मार्गदर्शन में थाना कांसाबेल पुलिस ने तत्काल कार्रवाई की। पीड़िता की सुरक्षा सुनिश्चित करते हुए चिकित्सीय परीक्षण, न्यायालयीन बयान और अन्य सभी वैधानिक प्रक्रियाएं पूरी की गईं। आरोपी को घटना वाले दिन ही गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेजा गया तथा प्रकरण के महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए गए।

थाना प्रभारी निरीक्षक जितेंद्र कुमार ताम्रकार ने मामले की विवेचना संवेदनशीलता और पेशेवर दक्षता के साथ पूरी की। जांच समयबद्ध तरीके से पूर्ण कर अभियोग पत्र न्यायालय में प्रस्तुत किया गया। सुनवाई के दौरान अभियोजन पक्ष ने 20 गवाहों के बयान प्रस्तुत किए, जिनके आधार पर न्यायालय ने आरोपी को दोषी ठहराते हुए आजीवन कारावास की सजा सुनाई।

न्यायालय में विशेष लोक अभियोजक अमित कुमार तिर्की ने प्रभावी और सशक्त पैरवी की, जिससे अभियोजन पक्ष के साक्ष्य मजबूत हुए और आरोपी को कठोर दंड दिलाने में महत्वपूर्ण सफलता मिली।

डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह ने कहा कि महिलाओं और बच्चों के विरुद्ध अपराधों के प्रति जशपुर पुलिस की जीरो टॉलरेंस नीति है। ऐसे मामलों में त्वरित कार्रवाई, समयबद्ध विवेचना और प्रभावी अभियोजन के माध्यम से दोषियों को कठोरतम दंड दिलाना पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि महिलाओं एवं बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए जशपुर पुलिस पूरी प्रतिबद्धता और सतर्कता के साथ कार्य कर रही है l

Hot Topics

Related Articles