घर से चाबी निकालकर दुपहिया गायब – मटिया रोड की वारदात
डोंगरगांव(दीपक अवस्थी)।नगर में पुलिस की गश्त सिर्फ़ कागज़ों पर और चोरों की गश्त गलियों में दिख रही है। आलम यह है कि अब चोर घरों की चारदीवारी फांदकर अंदर पहुंच रहे हैं, खूंटी में टंगी चाबी निकाल रहे हैं और आराम से वाहन लेकर निकल जा रहे हैं।
ताज़ा मामला मटिया रोड का है, जहां संतोषी सोरी पति स्व. सीडी सोरी के मकान में रात के डेढ़ बजे दो युवक छत और बालकनी के रास्ते दाखिल हुए। घर के अंदर बने सीढ़ी से हॉल तक पहुंचे और जुपिटर स्कूटी की चाबी खोजकर निकाल ली। इसके बाद सामने गेट का ताला खोला और आराम से दुपहिया लेकर चलते बने।
सुबह जब घरवाले जागे तो चोरी का पता चला। पड़ोस के मकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में पूरी वारदात कैद हुई है। लेकिन नगरवासी कह रहे हैं – “सीसीटीवी ने तो पकड़ लिया, पर पुलिस कब पकड़ेगी ये पता नहीं।”
15 दिन पहले भी मचाई थी दहशत
पुराना बस स्टैंड क्षेत्र में लगातार तीन दिनों तक एक ही घर को चोरों ने निशाना बनाया था। बर्तन, तार और अन्य सामग्री चुराई गई। बाद में पुलिस ने दो नाबालिगों से पूछताछ कर इतिश्री कर ली थी।
पुलिस की गश्त कागज़ों में, चोरों की गश्त गलियों में
लगातार चोरी की घटनाओं ने नगर की सुरक्षा व्यवस्था और पुलिस की रात्रि गश्त पर सवालिया निशान खड़े कर दिए हैं। लोग कह रहे हैं—
“डोंगरगांव में चोर जाग रहे हैं, लेकिन पुलिस सो रही है। अब जनता ही रातभर पहरा दे या चोरों से मोल-भाव करे?”





