राजनांदगांव ।पुलिस अधीक्षक राजनांदगांव सुश्री अंकिता शर्मा के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री कीर्तन राठौर के मार्गदर्शन में दिनांक 11 अप्रैल 2026 को रात्रि 10 बजे से प्रारंभ होकर देर रात तक जिला पुलिस द्वारा शहर क्षेत्र में व्यापक कॉम्बिंग गश्त अभियान संचालित किया गया। उक्त अभियान में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री कीर्तन राठौर के मार्गदर्शन में 5 राजपत्रित अधिकारियों के अंतर्गत 9 निरीक्षक तथा कुल 165 पुलिस बल की 4 विशेष टीम गठित कर विभिन्न थाना क्षेत्रों में एक साथ सघन चेकिंग एवं तस्दीक की कार्यवाही की गई।
कॉम्बिंग गश्त के दौरान शहर के विभिन्न थाना क्षेत्रों में गुंडा बदमाश, निगरानी बदमाश, माफी बदमाश, स्थायी वारंटियों एवं किशोर पंजी में दर्ज ऐसे किशोरों की सघन चेकिंग की गई, जो अपराध प्रवृत्ति के हैं अथवा जिन पर अपराध में संलिप्त होने का संदेह है। सभी चिन्हित व्यक्तियों के निवास स्थानों पर पहुंचकर तस्दीक की गई तथा उन्हें कड़ी समझाइश दी गई कि वे भविष्य में किसी भी प्रकार की आपराधिक गतिविधियों से दूर रहें। साथ ही उन्हें समय पर घर में उपस्थित रहने, अनावश्यक रूप से बाहर न घूमने एवं शराब सेवन कर किसी भी प्रकार का विवाद/झगड़ा न करने हेतु स्पष्ट निर्देश दिए गए।
किसी भी प्रकार की आपराधिक गतिविधि में संलिप्त न हों एवं क्षेत्र में शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने हेतु कड़े निर्देश दिए गए।
यह विशेष कॉम्बिंग गश्त थाना कोतवाली, थाना बसंतपुर, चौकी चिखली एवं थाना लालबाग के विभिन्न क्षेत्रों में संचालित की गई।
थाना बसंतपुर क्षेत्र अंतर्गत कुवा चौक, नंदई चौक, इंदिरा नगर चौक, क्लब चौक, बसंतपुर, शिवनगर एवं बंगाली चॉल क्षेत्र में दबिश देते हुए कुल 25 गुंडा बदमाश निगरानी बदमाश एवं अन्य असमाजिक तत्वों की सघन चेकिंग की गई।
इसी प्रकार चौकी चिखली क्षेत्र के सोलाखोली, नवागांव, बापूटोला, स्टेशनपारा, गौरीनगर, मोतीपुर आदि क्षेत्रों में भी कुल 20 असामाजिक तत्वों की व्यापक जांच एवं तस्दीक की कार्यवाही की गई।
थाना कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत लखोली एवं अन्य क्षेत्र में कुल 14 गुंडा बदमाश, निगरानी बदमाश एवं माफी बदमाशों की चेकिंग की गई।
थाना लालबाग क्षेत्र अंतर्गत पेंड्री, रेवाडीह, फरहद चौक आदि क्षेत्रों में भी कॉम्बिंग गश्त कर कुल 15 असामाजिक तत्वों की तस्दीक की कार्यवाही कर असमाजिक तत्वों की गतिविधियों पर विशेष निगरानी रखी गई।
जिला पुलिस राजनांदगांव द्वारा इस कॉम्बिंग गश्त के माध्यम से स्पष्ट संदेश दिया गया है कि शहर में सक्रिय सभी गुंडा बदमाश, निगरानी बदमाश, माफी बदमाश एवं अन्य असामाजिक तत्वों पर सतत एवं कड़ी निगरानी रखी जा रही है। उनकी गतिविधियों पर पुलिस की पैनी नजर है तथा किसी भी प्रकार की अवैध/अपराधिक गतिविधि को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
अंत में सभी असामाजिक एवं आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त व्यक्तियों को कड़े शब्दों में चेतावनी दी जाती है कि यदि वे भविष्य में किसी भी प्रकार के अपराध में संलिप्त पाए जाते हैं, तो उनके विरुद्ध सख्त वैधानिक कार्यवाही करते हुए किसी भी स्थिति में बख्शा नहीं जाएगा। जिला पुलिस द्वारा कानून-व्यवस्था बनाए रखने हेतु इस प्रकार की कार्यवाहियां निरंतर जारी रहेंगी।





