टूटे हाईटेंशन तार की चपेट में आया मासूम, मौके पर मौत; बिजली विभाग पर लापरवाही के आरोप

अंबिकापुर : रक्षाबंधन के त्योहार पर जहां परिवार खुशियां मनाने की तैयारी कर रहा था, वहीं अंबिकापुर में एक दर्दनाक हादसे ने परिवार की खुशियां मातम में बदल दीं। नमनाकला इलाके में टूटकर लटक रहे हाईटेंशन तार की चपेट में आने से एक मासूम बच्चे की मौत हो गई।

जानकारी के मुताबिक, नमनाकला स्थित कार्मेल स्कूल के पास बिजली के खंभे से हाईटेंशन तार टूटकर नीचे लटक रहा था। इसी दौरान बच्चा साइकिल चलाते हुए वहां से गुजर रहा था और अचानक तार की चपेट में आ गया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

परिजन आनन-फानन में बच्चे को इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। हादसे की खबर मिलते ही परिवार में मातम पसर गया।

बिजली विभाग पर लापरवाही के आरोप

घटना के बाद स्थानीय लोगों में बिजली विभाग के प्रति नाराजगी देखने को मिल रही है। लोगों का आरोप है कि शहर के कई इलाकों में बिजली के तार टूटकर या झूलते हुए नजर आते हैं, लेकिन समय रहते उनकी मरम्मत नहीं की जाती। लोगों का कहना है कि ऐसी लापरवाही कभी भी बड़े हादसे का कारण बन सकती है।

मासूम की मौत के बाद अब सवाल उठ रहे हैं कि आखिर टूटे हुए हाईटेंशन तार की सूचना के बावजूद उसे समय रहते दुरुस्त क्यों नहीं किया गया। स्थानीय लोगों ने बिजली विभाग से शहर में ऐसे जर्जर और खतरनाक बिजली तारों की जांच कर तत्काल सुधार की मांग की है।

Hot Topics

Related Articles