Sunday, February 22, 2026
More

    डोंगरगढ़ पुलिस की कार्रवाई,6.120 बल्क लीटर अवैध शराब व मोटरसाइकिल जब्त, आरोपी गिरफ्तार

    डोंगरगढ़। डोंगरगढ़ पुलिस ने अवैध शराब बिक्री एवं परिवहन के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एक युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से 6.120 बल्क लीटर शराब एवं एक मोटर साइकिल पल्सर जब्त की गई है। आरोपी को न्यायालय में पेश कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।

    पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार पुलिस अधीक्षक राजनांदगांव सुश्री अंकिता शर्मा के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री कीर्तन राठौर के मार्गदर्शन तथा एसडीओपी डोंगरगढ़ श्री केशरी नंदन नायक के पर्यवेक्षण में क्षेत्र में अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने के निर्देश दिए गए हैं।

    इसी क्रम में थाना प्रभारी डोंगरगढ़ निरीक्षक संतोष जायसवाल द्वारा थाना स्टाफ के साथ अवैध शराब बिक्री करने वाले कोचियों एवं तस्करों पर सतत निगरानी रखी जा रही थी।

    दिनांक 19 फरवरी 2026 को मुखबिर से सूचना मिली कि कालकापारा वार्ड क्रमांक 10, डोंगरगढ़ निवासी राज नंदेश्वर (उम्र 24 वर्ष), पिता स्व. सुरेश नंदेश्वर, शराब दुकान से अधिक मात्रा में शराब लेकर मोटर साइकिल से बिक्री हेतु परिवहन कर रहा है। सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए ग्राम राका मोड़ पेट्रोल पंप के सामने मुख्य मार्ग पर घेराबंदी कर आरोपी को पकड़ा गया।

    तलाशी के दौरान आरोपी के कब्जे से 16 पाव रोमीओ देशी मदिरा (2.880 बल्क लीटर) कीमती 1280 रुपये, 16 पाव जम्बू स्पेशल व्हिस्की (2.880 बल्क लीटर) कीमती 1920 रुपये तथा 2 पाव 7 PM व्हिस्की (0.360 बल्क लीटर) कीमती 400 रुपये बरामद की गई। कुल 6.120 बल्क लीटर शराब की कीमत 3600 रुपये आंकी गई है। इसके अलावा 50,000 रुपये कीमत की मोटर साइकिल पल्सर भी जब्त की गई। कुल जुमला जप्ती 53,600 रुपये है।

    आरोपी के विरुद्ध आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार किया गया तथा न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।

    उक्त कार्रवाई में निरीक्षक संतोष जायसवाल, उपनिरीक्षक रोहित खूंटे, आरक्षक अविलेश दीदी एवं किशन कुमार चंद्र का सराहनीय योगदान रहा। पुलिस द्वारा डोंगरगढ़ क्षेत्र में अवैध शराब बिक्री रोकने हेतु लगातार अभियान चलाया जा रहा है।

    Hot Topics

    Related Articles

    error: Content is protected !!