डोंगरगांव। वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के निर्देशन में थाना डोंगरगांव पुलिस ने अवैध शराब बिक्री करने वालों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है।थाना प्रभारी निरीक्षक कृष्णा पाटले के नेतृत्व में पुलिस टीम द्वारा लगातार गश्त और पेट्रोलिंग करते हुए अवैध शराब कारोबारियों पर निगरानी रखी जा रही है। इसी क्रम में दिनांक 07 नवम्बर 2025 को सूचना मिली कि एक व्यक्ति अपने पास अवैध शराब रखकर बिक्री कर रहा है।
पुलिस टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए मौके पर पहुंचकर आरोपी को रंगेहाथ पकड़ा। पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम प्रीतम राजपूत पिता दर्शन राजपूत, उम्र 38 वर्ष, निवासी सिनेमा लाइन, डोंगरगांव, जिला राजनांदगांव (छ.ग.) बताया। आरोपी शराब बिक्री के संबंध में कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 32 पौवा रोमियो एवं शोले ब्रांड देशी शराब (कीमत ₹2,560), शराब बिक्री की रकम ₹2,000 तथा एक होंडा एक्टिवा स्कूटी (कीमत ₹50,000) जब्त की। कुल ₹29,500 की संपत्ति जप्त की गई है।
आरोपी के विरुद्ध अपराध क्रमांक 351/2025, धारा 34(2) आबकारी एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेजा गया। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक सुश्री अंकिता शर्मा (भा.पु.से.), अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री राहुल देव शर्मा तथा अनुविभागीय अधिकारी (पुलिस) श्री दिलीप सिसोदिया के मार्गदर्शन में की गई।





