Wednesday, February 25, 2026
More

    डोंगरगांव: नगर पंचायत को अपने ही पार्षदों के नाम नहीं मालूम!

    • गणतंत्र दिवस आमंत्रण पत्र में दो पार्षदों के नाम गलत छपे
    • कांग्रेस, निर्दलीय—दोनों दलों के जनप्रतिनिधि प्रभावित

    डोंगरगांव(दीपक अवस्थी)।डोंगरगांव नगर पंचायत एक बार फिर अपनी कार्यप्रणाली को लेकर सवालों के घेरे में है। इस बार मामला गणतंत्र दिवस जैसे राष्ट्रीय पर्व के आधिकारिक आमंत्रण पत्र से जुड़ा है, जिसमें नगर पंचायत अपने ही दो निर्वाचित पार्षदों के नाम सही ढंग से प्रकाशित कराने में असफल रही।

    चौंकाने वाली बात यह है कि त्रुटि किसी एक दल तक सीमित नहीं रही। कांग्रेस, निर्दलीय—दोनों पक्षों के जनप्रतिनिधियों के नाम कार्ड में गलत अंकित किए गए, जिससे यह मामला और भी गंभीर हो गया है।

    जारी आमंत्रण पत्र में वार्ड पार्षद प्रियंक जैन (रिंटू) का नाम “प्रियंक जैन रिन्दू” छापा गया।

    इसी प्रकार नफीशा सिद्धिक बडगुजर का नाम “नफीशा सिद्धिक बढ़गुजर” प्रकाशित किया गया।

    एजी खबर’ ने संबंधित पार्षदों से संपर्क कर नाम की सही वर्तनी की पुष्टि की। पार्षदों ने लिखित रूप में अपना सही नाम उपलब्ध कराया और स्वीकार किया कि आमंत्रण पत्र में उनका नाम त्रुटिपूर्ण छपा है।

    जानकारी के अनुसार शहर में लगभग 3 हजार आमंत्रण पत्र वितरित किए जा चुके हैं। ऐसे में सवाल उठता है कि क्या छपाई से पूर्व किसी प्रकार की प्रूफ रीडिंग या अधिकृत अनुमोदन की प्रक्रिया अपनाई गई थी? यदि हाँ, तो यह त्रुटि कैसे रह गई? और यदि नहीं, तो यह लापरवाही किस स्तर पर हुई?

    राष्ट्रीय पर्व के अवसर पर जारी आधिकारिक दस्तावेज में इस प्रकार की चूक ने नगर पंचायत की कार्यशैली पर गंभीर प्रश्नचिन्ह खड़ा कर दिया है। स्थानीय नागरिकों का कहना है कि जब संस्था अपने ही निर्वाचित प्रतिनिधियों के नाम सही दर्ज नहीं कर पा रही, तो अन्य प्रशासनिक कार्यों की गुणवत्ता का सहज अनुमान लगाया जा सकता है।

    अब तक इस मामले में नगर पंचायत की ओर से कोई आधिकारिक स्पष्टीकरण सामने नहीं आया है। जनप्रतिनिधियों और नागरिकों की निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि क्या इसे केवल टंकण त्रुटि बताकर नजरअंदाज किया जाएगा, या जिम्मेदारी तय कर भविष्य में ऐसी चूकों की पुनरावृत्ति रोकने के लिए ठोस व्यवस्था बनाई जाएगी

    Hot Topics

    Related Articles

    error: Content is protected !!