मां-बेटी बाल-बाल बचीं, गुस्साई भीड़ ने ड्राइवर की की पिटाई
डोंगरगांव (दीपक अवस्थी)।शराब के नशे में धुत एक बेखौफ बस चालक ने बुधवार दोपहर करीब 1 बजे तिगाला पेट्रोल पंप के सामने पुलिस द्वारा लगाए गए स्टॉपर को तोड़ते हुए वाहन आगे बढ़ा दिया। तेज रफ्तार और लापरवाही के चलते बस अनियंत्रित होकर नाहटा हार्डवेयर के सामने लगे खंभे से जा भिड़ी। हादसा इतना अचानक था कि ठीक पास में खड़ी एक मां और उसकी मासूम बच्ची बाल-बाल बच गईं, वरना बड़ा हादसा हो सकता था।
भारत ट्रैवल्स की यह यात्री बस (क्रमांक CG 08 M 0315) राजनांदगांव से डोंगरगांव होते हुए गेंदाटोला जा रही थी। भीषण टक्कर में सड़क किनारे खड़ी CG 08 BC 8744 हीरो स्प्लेंडर प्लस और हीरो होंडा साइन बाइक भी चपेट में आ गईं। बस में सवार यात्रियों सहित 5-6 से अधिक राहगीर इस दुर्घटना में बाल-बाल बचे।
सूत्रों के मुताबिक चालक संतोष साहू पिता लीलाधर साहू हादसे के समय पूरी तरह नशे में था। हादसा होते ही आम लोगों का गुस्सा भड़क गया और भीड़ ने आरोपी ड्राइवर की जमकर पिटाई कर दी। उग्र भीड़ ने बस के शीशे भी चकनाचूर कर दिए।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को काबू में किया। पुलिस ने चालक के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।





