डोंगरगांव : पुराना बिजली खंभा कार पर गिरा, नगर पालिका कर्मचारी घायल; नया खंभा लगाकर पुराना छोड़ने का आरोप

डोंगरगांव(दीपक अवस्थी)। शहर में बिजली विभाग की कथित लापरवाही के चलते बुधवार को एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। सदर लाइन निवासी शेख नईम के घर के सामने लगा पुराना बिजली का खंभा अचानक गिरकर घर के बाहर खड़ी कार पर आ गिरा। हादसे में नगर पालिका कर्मचारी हौसला प्रसाद तिवारी घायल हो गए, जबकि कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।

घटना के समय मौके पर लगे सार्वजनिक नल से कई लोग पानी भर रहे थे। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक यदि खंभा कुछ फीट इधर-उधर गिरता तो कई लोग इसकी चपेट में आ सकते थे।

स्थानीय लोगों का आरोप है कि बिजली कंपनी ने कुछ समय पहले नया खंभा तो लगा दिया था, लेकिन पुराने खंभे को नहीं हटाया। इसी पुराने खंभे के गिरने से यह हादसा हुआ। लोगों ने इसे बिजली विभाग की गंभीर लापरवाही बताते हुए जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई की मांग की है।

सूचना मिलते ही नगर पालिका अध्यक्ष अंजू त्रिपाठी मौके पर पहुंचीं और घटना की जानकारी ली। वहीं, छत्तीसगढ़ स्टेट पावर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी लिमिटेड (सीएसपीडीसीएल) डोंगरगांव के कनिष्ठ अभियंता श्रीकांत भी मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया।

घटना के बाद क्षेत्रवासियों में नाराजगी है। उनका कहना है कि शहर में ऐसे कई पुराने और जर्जर बिजली खंभे अब भी लगे हुए हैं। समय रहते इन्हें नहीं हटाया गया तो भविष्य में बड़ा हादसा हो सकता है।

Hot Topics

Related Articles