डोंगरगांव( दीपक अवस्थी)। थाना क्षेत्र के ग्राम रूदगांव साकरीपार में हुई चोरी की घटना का डोंगरगांव पुलिस ने सफलतापूर्वक खुलासा करते हुए एक शातिर आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी गया सामान भी बरामद कर लिया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, प्रार्थिया मौसमी निषाद (35 वर्ष) निवासी रूदगांव साकरीपार ने थाना डोंगरगांव में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 29 जनवरी 2026 को अज्ञात आरोपी ने उसकी दुकान से करीब 25 हजार रुपये नगद चोरी कर लिए। वहीं उसी रात गांव के जीतेश्वर साहू के ट्रैक्टर से एक्साईज कंपनी की बैटरी एवं हाइड्रोलिक पट्टी भी चोरी कर ली गई थी। कुल चोरी की रकम लगभग 31,500 रुपये आंकी गई।
मामले में थाना डोंगरगांव पुलिस ने अपराध क्रमांक 83/2026 के तहत धारा 305(ए), 331(2) बीएनएस के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना शुरू की।
थाना प्रभारी प्रशिक्षु आईपीएस आदित्य कुमार एवं निरीक्षक आशीर्वाद राहटगांवकर के नेतृत्व में पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए संदेही रेवाराम निषाद (27 वर्ष) निवासी साकरीपार रूदगांव को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ के दौरान आरोपी ने चोरी की वारदात कबूल कर ली।
पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर उसके मेमोरेंडम कथन के आधार पर चोरी गई ट्रैक्टर बैटरी (कीमत 5000 रुपये) एवं हाइड्रोलिक पट्टी (कीमत 1500 रुपये) बरामद कर ली है। हालांकि चोरी की गई नगदी रकम आरोपी द्वारा खर्च कर देने की जानकारी दी गई है।
इस पूरी कार्रवाई में प्रशिक्षु आईपीएस आदित्य कुमार, निरीक्षक आशीर्वाद राहटगांवकर, उप निरीक्षक लाभाराम ध्रुव एवं आरक्षक हेमंत सूर्यवंशी की महत्वपूर्ण भूमिका रही।





