डोंगरगांव: बंद घरों की सुरक्षा के लिए पुलिस की नई पहल ‘खाकी आईज’

डोंगरगांव(दीपक अवस्थी)क्षेत्र में बढ़ती चोरी की घटनाओं पर नियंत्रण एवं बंद घरों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से पुलिस द्वारा एक विशेष अभियान खाकी आईज की शुरुआत की । इस अभियान के तहत ऐसे नागरिक जो किसी कारणवश अपने घर बंद कर बाहर जाते हैं, उन्हें इसकी पूर्व सूचना वार्ड पार्षद एवं संबंधित थाना को देना अनिवार्य किया गया है।

इसी क्रम में थाना परिसर में जनप्रतिनिधियों एवं नागरिकों की एक बैठक आयोजित की गई, जिसमें वार्ड पार्षदों को एक विशेष सूचना प्रपत्र (फॉर्म) उपलब्ध कराया गया। इस फॉर्म के माध्यम से पुलिस को बंद घरों से संबंधित आवश्यक जानकारी प्राप्त होगी, ताकि ऐसे घरों पर विशेष निगरानी रखी जा सके।

फॉर्म में मांगी जाने वाली प्रमुख जानकारियां

सूचना प्रपत्र में आवेदक का नाम, पिता का नाम, पूर्ण पता, मोबाइल नंबर, घर का गूगल लोकेशन अथवा लैंडमार्क, घर छोड़ने का कारण, घर खाली रहने की अवधि (दिनांक एवं समय सहित), क्या पड़ोसी या किसी अन्य व्यक्ति को सूचना दी गई है, घर में लगे सीसीटीवी कैमरों की संख्या तथा वार्ड पार्षद का हस्ताक्षर शामिल है।

पुलिस की कार्ययोजना

सूचना प्राप्त होने के बाद पुलिस द्वारा संबंधित बंद घरों की विशेष निगरानी की जाएगी। साथ ही क्षेत्र में गश्त बढ़ाई जाएगी एवं आवश्यकतानुसार चेक प्वाइंट भी लगाए जाएंगे। पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वे अपने घरों में सड़क की ओर फोकस किए हुए सीसीटीवी कैमरे अवश्य लगवाएं, जिससे संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखी जा सके।

बैठक में रहे उपस्थित

इस अभियान के तहत आयोजित बैठक में अनुविभागीय अधिकारी मंजुलता बाज थाना प्रभारी आशीर्वाद रहटगांवकर विशेष रूप से उपस्थित रहे। अधिकारियों ने वार्ड पार्षदों से सहयोग की अपील करते हुए कहा कि यह अभियान पुलिस एवं जनसहयोग से ही सफल होगा।

बैठक में नगर पंचायत अध्यक्ष अंजू त्रिपाठी, भाजपा पूर्व मंडल अध्यक्ष रामकुमार गुप्ता, भाजपा मंडल अध्यक्ष दीना पटेल, नगर पंचायत उपाध्यक्ष रोहित गुप्ता सहित अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

पुलिस का मानना है कि इस पहल से बंद घरों में होने वाली चोरी की घटनाओं पर प्रभावी रोक लगेगी और नागरिकों में सुरक्षा की भावना मजबूत होगी।

Hot Topics

Related Articles