डोंगरगांव। शासन के निर्देशानुसार नगर पालिका परिषद डोंगरगांव में मंगलवार को “नमस्ते योजना” (नेशनल एक्शन फॉर मैकेनाइज्ड सैनिटेशन इकोसिस्टम) के तहत “नमस्ते दिवस” का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में सेप्टिक टैंक सफाई कार्य में लगे सफाई मित्रों का सम्मान किया गया तथा स्वच्छता कार्य में योगदान देने वाली स्वच्छता दीदियों को साड़ी वितरित की गई।
कार्यक्रम की अध्यक्षता नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती अंजू त्रिपाठी ने की। इस अवसर पर मुख्य नगर पालिका अधिकारी विनम्र जेमा, पार्षद पुरुषोत्तम साहू, श्रीमती पदमनी ठाकुर, कोमल साहू, श्रीमती निर्मला मालेकर सहित नगर पालिका के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में सफाई मित्रों का पुष्पमाला एवं शॉल ओढ़ाकर सम्मान किया गया। वहीं स्वच्छता दीदियों को साड़ी प्रदान कर उनके कार्यों की सराहना की गई। नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती अंजू त्रिपाठी ने उपस्थित अधिकारियों, कर्मचारियों एवं नागरिकों को स्वच्छता की शपथ दिलाई और सफाई कर्मियों से सुरक्षा उपकरण जैसे ग्लव्स, मास्क एवं फ्लोरोसेंट जैकेट पहनकर ही कार्य करने की अपील की।
इस दौरान मोबाइल मेडिकल यूनिट के माध्यम से नगर पालिका कर्मचारियों का स्वास्थ्य परीक्षण भी किया गया, जिसमें रक्तचाप, शुगर सहित सामान्य स्वास्थ्य की जांच की गई।
अपने संबोधन में नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती अंजू त्रिपाठी ने कहा कि “नमस्ते योजना” का उद्देश्य मैनुअल सफाई व्यवस्था को समाप्त कर मशीनीकृत सफाई को बढ़ावा देना तथा सफाई मित्रों को सुरक्षित एवं सम्मानजनक कार्य वातावरण उपलब्ध कराना है। उन्होंने कहा कि नगर पालिका इस दिशा में लगातार कार्य कर रही है।






