समय-सीमा में चावल जमा नहीं करने वाले मिलर्स पर होगी ब्लैकलिस्ट की कार्रवाई
बलौदाबाजार। नान एवं एफसीआई में चावल जमा करने में हो रही देरी को लेकर कलेक्टर कुलदीप शर्मा ने सख्त रुख अपनाया है। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि सभी मिलर्स निर्धारित समय-सीमा के भीतर शत-प्रतिशत चावल जमा कराएं। लापरवाही बरतने वाले मिलर्स के खिलाफ जांच के साथ ब्लैकलिस्ट करने की कार्रवाई की जाएगी।
कलेक्टर कुलदीप शर्मा ने गुरुवार को संयुक्त जिला कार्यालय के सभाकक्ष में खाद्य विभाग के अधिकारियों एवं मिलर्स की बैठक लेकर चावल जमा करने की स्थिति की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने एक-एक मिलर्स से चावल जमा करने में हो रही देरी के कारणों की जानकारी ली।
बैठक में बताया गया कि जिले के 29 मिलर्स द्वारा लगभग 17,413 मीट्रिक टन चावल नान एवं एफसीआई में जमा करना शेष है। कलेक्टर ने कहा कि चावल जमा करने में अब किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने सभी मिलर्स को आगामी अक्टूबर माह तक शत-प्रतिशत चावल जमा करने के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने अधिकारियों को भी चावल जमा करने की प्रक्रिया की लगातार निगरानी करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि निर्धारित समय-सीमा में चावल जमा नहीं करने वाले मिलर्स के खिलाफ जांच कर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। आवश्यक होने पर संबंधित मिलर्स को ब्लैकलिस्ट भी किया जाएगा।
तय समय पर नान और एफसीआई में चावल जमा कराएं मिलर्स : कलेक्टर








