डोंगरगांव/तुमड़ीबोड़ (दीपक अवस्थी)। अपने नामांतरण रिकॉर्ड में सुधार की मांग को लेकर एक किसान ने तुमड़ीबोड़ उप तहसील कार्यालय के गेट पर हाथ में चूड़ा बांधकर ताला लगाते हुए अनशन शुरू कर दिया। किसान ने खुद को तहसील परिसर में तीन घंटे से अधिक समय तक लॉक रखा। करीब एक घंटे तक कोई अधिकारी-कर्मचारी मौके पर नहीं पहुंचा, जिससे आक्रोश और बढ़ गया।
बताया जा रहा है कि नामांतरण रिकॉर्ड ऑनलाइन नहीं दिखने से परेशान किसान जगराम मंडावी, निवासी गौशालापारा वार्ड क्रमांक 38, ने 22 जुलाई 2025 को पुनः सुधार के लिए आवेदन दिया था। किसान का आरोप है कि उपतहसील कार्यालय में पदस्थ बाबू रामगिरी जोस्वामी (वर्ग-3 कर्मचारी) ने नामांतरण सुधार के नाम पर 5 हजार रुपये की मांग की। काम अटकाने की बात कहकर दबाव बनाया गया, जिसके बाद मजबूरी में किसान ने 1 हजार रुपये दे दिए।
किसान के अनुसार उसकी जमीन ग्राम आली खूंटामे में स्थित है, जिसका खसरा नंबर 515/3, रकबा 0.79 डिसमिल है। जमीन वर्ष 2002 में खरीदी गई थी और उसी समय नामांतरण भी हो गया था, लेकिन वर्तमान में ऑनलाइन रिकॉर्ड में नामांतरण प्रदर्शित नहीं हो रहा है।
घटना की जानकारी मिलने पर जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष विपिन यादव, किसान कांग्रेस अध्यक्ष मदन साहू, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष टिकेश साहू, किसान मौके पर पहुंचे और प्रदर्शन किया।
राजनीतिक एवं सामाजिक दबाव के बाद तहसीलदार ने किसान के नामांतरण का आदेश जारी कर दिया। साथ ही रिश्वत लेने के आरोप की लिखित शिकायत मिलने पर संबंधित कर्मचारी के खिलाफ जांच कर कार्रवाई का आश्वासन दिया है।





