- पंजाब के गोताखोरों ने खोजने में निभाई अहम भूमिका
सारंगढ़-बिलाईगढ़।रविवार शाम करीब 5:30 बजे सारंगढ़-बरमकेला मार्ग पर माधोपली पुल के पास स्थित लाट नाला तेज बारिश के कारण उफान पर था। इसी दौरान पूर्व सरपंच देवनारायण पटेल अपनी पत्नी के साथ कार से नाला पार करने का प्रयास कर रहे थे। अचानक तेज बहाव में कार अनियंत्रित होकर नाले में जा गिरी और पानी के साथ बह गई।
बुधवार को पंजाब से आई निजी गोताखोर टीम ने NDRF, SDRF और DDRF के साथ मिलकर अभियान तेज किया। कई घंटों की मशक्कत के बाद गोताखोरों ने नाले में डूबी कार का पता लगाया। इसके बाद वाहन को बाहर निकाला गया, जिसमें पूर्व सरपंच देवनारायण पटेल और उनकी पत्नी के शव मिले। बताया जा रहा है कि दंपती के शव कार की पिछली सीट पर एक-दूसरे का हाथ थामे हुए मिले।
इस घटना के बाद पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है। प्रशासन ने अभियान में शामिल सभी एजेंसियों, पुलिसकर्मियों, स्थानीय ग्रामीणों और गोताखोरों के प्रयासों की सराहना की है। लगातार चार दिनों तक दिन-रात चले इस रेस्क्यू ऑपरेशन को बेहद चुनौतीपूर्ण माना जा रहा है। वहीं प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि भारी बारिश के दौरान उफनते नालों और पुलों को पार करने का जोखिम न उठाएं।






