Wednesday, February 25, 2026
More

    तेरहवीं भोज के बाद फूड प्वाइजनिंग से 5 ग्रामीणों की मौत, 25 से ज्यादा बीमार

    नारायणपुर। छत्तीसगढ़ के नारायणपुर जिले से दुखद खबर सामने आ रही है, यहां अबूझमाड़ क्षेत्र के ओरछा ब्लॉक के डूंगा गांव में तेरहवीं के भोज के बाद फूड प्वाइजनिंग से पांच ग्रामीणों की मौत हो गई, जबकि 25 से ज्यादा लोग बीमार हो गए। मरने वालों में दो महिलाएं और दो महीने की बच्ची भी शामिल हैं। स्वास्थ्य विभाग ने गांव में टीम भेजकर इलाज शुरू कर दिया है। स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने कहा कि रिपोर्ट आने के बाद ही गड़बड़ी की असली वजह स्पष्ट होगी।

    ओरछा ब्लॉक के डूंगा गांव के घोट पारा में 14 अक्टूबर को एक ग्रामीण के घर तेरहवीं का कार्यक्रम आयोजित किया गया था। इस भोज में पूरा गांव शामिल हुआ था। खाने के कुछ घंटे बाद ही कई ग्रामीणों को उल्टी और दस्त की शिकायत होने लगी। शुरू में लोगों ने इसे मामूली माना और गांव के सिरहा-गुनिया (परंपरागत वैद्य) से उपचार कराने लगे। लेकिन धीरे-धीरे लक्षण गंभीर होते गए।

    छह दिनों में स्थिति इतनी बिगड़ गई कि पांच लोगों की मौत हो गई। मृतकों में 2 महीने की बच्ची बेबी, बुधरी (25), बुधराम (24), लख्खे (45) और उर्मिला (25) शामिल हैं। वहीं, करीब 25 ग्रामीण बीमार हो गए। इनमें से 20 से अधिक लोगों की हालत फूड प्वाइजनिंग जैसी पाई गई।

    स्वास्थ्य शिविर लगाकर किया जा रहा इलाज

    ग्रामीणों की तबीयत बिगड़ने और मौत की सूचना मिलते ही नारायणपुर और बीजापुर जिलों के स्वास्थ्य विभाग की संयुक्त टीम गांव पहुंची। चूंकि यह इलाका दोनों जिलों की सीमा पर स्थित है, इसलिए दोनों तरफ से चिकित्सक और स्वास्थ्यकर्मी भेजे गए। गांव में स्वास्थ्य शिविर लगाया गया और बीमारों का उपचार शुरू किया गया।

    टीम ने घर-घर जाकर जांच की और पीड़ितों को दवा उपलब्ध कराई। जिला प्रशासन ने सभी को सुरक्षित स्थानों पर रखकर लगातार निगरानी जारी रखी है। विभाग ने गांव के पेयजल स्रोतों और भोज में इस्तेमाल किए गए खाद्य पदार्थों के नमूने जांच के लिए भेजदिए हैं।

    Hot Topics

    Related Articles

    error: Content is protected !!