दुर्ग में RPF ने 12 किन्नरों को किया गिरफ्तार :- बिलासपुर – चेन्नई एक्सप्रेस में सफर कर रहे यात्रियों को कर रहे थे परेशान, शिकायत पर एक्शन, अब तक 40 पर कार्रवाई

रायपुर।रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) दुर्ग ने ट्रेन नंबर 12851 बिलासपुर-चेन्नई एक्सप्रेस में कार्रवाई करते हुए 12 किन्नरों को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई यात्रियों की लगातार मिल रही शिकायतों के आधार पर रविवार को की गई। यात्रियों ने बताया था कि, कुछ किन्नर ट्रेन में चढ़कर अवैध वसूली कर रहे थे और पैसे नहीं देने पर यात्रियों को परेशान कर रहे थे। ट्रेन रायपुर से दुर्ग की ओर आ रही थी। इसी दौरान आरपीएफ को सूचना मिली कि कुछ किन्नर ट्रेन के अलग-अलग कोच में जाकर यात्रियों से जबरन पैसे मांग रहे हैं। शिकायत मिलने के बाद आरपीएफ दुर्ग की टीम ने ट्रेन के दुर्ग पहुंचते ही जाल बिछाकर यह पूरी कार्रवाई की और सभी 12 किन्नरों को हिरासत में ले लिया। बताया जा रहा है कि अलग-अलग मामलों में इस साल 22 मार्च तक कुल 40 किन्नर गिरफ्तार किए जा चुके है।

आरपीएफ अधिकारियों ने बताया कि, यात्रियों की सुरक्षा और सुविधा को ध्यान में रखते हुए यह कार्रवाई की गई है। कई यात्रियों ने लिखित और मौखिक शिकायत दी थी कि उनसे जबरदस्ती पैसे मांगे जा रहे थे। मना करने पर बहस कर दबाव बनाया जा रहा था। इसके बाद टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच की और आरोप सही पाए जाने पर सभी को पकड़ लिया गया।

हो रही कानूनी कार्रवाई

आरपीएफ ने सभी के खिलाफ रेलवे एक्ट के तहत कानूनी कार्रवाई की है। पूछताछ के बाद आवश्यक दस्तावेज तैयार कर मामले को आगे की प्रक्रिया के लिए संबंधित न्यायालय में भेजा गया। अधिकारियों का कहना है कि ट्रेनों में यात्रियों को परेशान करने और अवैध वसूली करने वालों के खिलाफ आगे भी लगातार अभियान चलाया जाएगा।

Hot Topics

Related Articles