नगर पंचायत छुरिया में बिजली दरों में वृद्धि और स्मार्ट मीटर के खिलाफ कांग्रेस का पैदल मार्च और उग्र प्रदर्शन

छुरिया।छत्तीसगढ़ में स्मार्ट मीटर लगाने के फैसले और बिजली की बढ़ती कीमतों को लेकर राजनीतिक माहौल गरमाया हुआ है। इसी कड़ी में राजनांदगांव जिले के अंतर्गत आने वाली नगर पंचायत छुरिया में आज कांग्रेस पार्टी द्वारा सरकार की नीतियों के खिलाफ एक विशाल पैदल मार्च और विरोध प्रदर्शन आयोजित किया गया। कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने भारतीय जनता पार्टी की राज्य सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए आरोप लगाया कि सरकार स्मार्ट मीटर के माध्यम से छत्तीसगढ़ के गरीब किसानों और आम उपभोक्ताओं के बिजली बिलों में बेतहाशा बढ़ोतरी कर रही है।

प्रदर्शनकारियों का कहना है कि इन महंगी योजनाओं और बढ़े हुए दामों के कारण आम जनता और कृषक वर्ग कर्ज के दलदल में डूबने को मजबूर हो रहे हैं, जिसे किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

इस बड़े स्थानीय आंदोलन का नेतृत्व जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष विपिन यादव और ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष धर्मेंद्र साहू ने संयुक्त रूप से किया। पैदल मार्च के दौरान कांग्रेस के वरिष्ठ पदाधिकारियों, नगर पंचायत छुरिया के पार्षदों और भारी संख्या में मौजूद कार्यकर्ताओं ने सरकार विरोधी नारे लगाए और स्मार्ट मीटर योजना को तत्काल वापस लेने की मांग की। कांग्रेस नेतृत्व ने चेतावनी दी है कि यदि बिजली की बढ़ी हुई दरें कम नहीं की गईं और स्मार्ट मीटर थोपने का सिलसिला बंद नहीं हुआ, तो यह आंदोलन आने वाले दिनों में और अधिक उग्र रूप अख्तियार करेगा। प्रदर्शन के समापन पर स्थानीय प्रशासन को एक ज्ञापन भी सौंपा गया, जिसमें आम जनता और किसानों को बिजली बिलों के भारी-भरकम बोझ से राहत देने की अपील की गई है।

Hot Topics

Related Articles