नया धान खरीदी केंद्र नहीं खुला पर किसानों ने दी चक्काजाम की चेतावनी

युवराज सिन्हा,फिंगेश्वर। खरीफ सीजन की धान खरीदी शुरू होने से पहले ही बोरसी क्षेत्र के किसानों ने आंदोलन का ऐलान कर दिया है। बोरसी, चैतरा, रेवली, मड़वाडीही, बिजली और बेहरपाल 6 गांवों के सैकड़ों किसान मड़वाडीही में नया धान खरीदी केंद्र खोलने की मांग को लेकर लामबंद हो गए हैं।

किसानों का कहना है कि बोरसी धान खरीदी केंद्र में करीब 17 सौ से अधिक किसान पंजीकृत हैं। धान खरीदी के दौरान केंद्र में जगह कम पड़ जाती है और अव्यवस्था की स्थिति बनती है। किसानों को अपनी उपज बेचने के लिए लंबा इंतजार करना पड़ता है और कई बार किसान धान बेचने से वंचित भी रह जाते हैं। किसानों के मुताबिक, मड़वाडीही में नया धान खरीदी केंद्र खोलने की मांग पिछले 15 वर्षों से की जा रही है। इसके लिए पंचायत ने जगह भी तय कर लिया है इस संबंध में राज्यपाल, कलेक्टर और विधायक रोहित साहू तक को कई बार ज्ञापन और आवेदन दिए जा चुके हैं, लेकिन किसानों का आरोप है कि अब तक मांग सिर्फ आश्वासन तक सीमित रही है।

बैठक में लिया बड़ा फैसला

नए खरीदी केंद्र की मांग को लेकर बोरसी में 6 गांवों के किसानों ने बैठक की। किसानों ने साफ कहा कि अगर धान खरीदी शुरू होने से पहले मड़वाडीही में नया खरीदी केंद्र नहीं खोला गया, तो वे धान खरीदी का बहिष्कार करेंगे।

इतना ही नहीं, किसानों ने चेतावनी दी है कि मांग पूरी नहीं होने पर राजिम-महासमुंद मुख्य मार्ग पर चक्काजाम किया जाएगा। किसानों ने संभावित आंदोलन की पूरी जिम्मेदारी शासन-प्रशासन की बताई है।वही अंतिम बार कलेक्टर विधायक से गुहार लगाने की बात कहे है। किसानों का कहना है कि प्रदेश के कई क्षेत्रों में नए धान खरीदी केंद्र खोले गए हैं, लेकिन लंबे समय से मांग के बावजूद मड़वाडीही को अब तक खरीदी केंद्र की सुविधा नहीं मिल पाई है। इससे 6 गांवों के किसानों में नाराजगी बढ़ती जा रही है।

बैठक में छन्नूलाल साहू, नंदू यदु, मोतीलाल निषाद, खुमन साहू, हुकुमलाल सिन्हा, गजेंद्र साहू, डोमन यदु, भारत साहू, रामलाल साहू, जीत राम साहू, संतोष साहू, सुरेंद्र यादव, रोहित भारती, रवि साहू, शत्रुहन साहू, टीकाराम, गौदूराम सहित 6 गांवों के सैकड़ों किसान मौजूद रहे।

Hot Topics

Related Articles