रायपुर। राजधानी रायपुर के माना स्थित नवोदय स्कूल में 4 स्टूडेंट्स के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। सभी स्टूडेंट क्लास 10th में पढ़ते हैं। जानकारी के मुताबिक चारों स्टूडेंट एक साथ एक ही मोबाइल पर कुछ वीडियो देख रहे थे। रात के करीब 1 बजे थे, तभी हॉस्टल वार्डन राउंड पर आया। कमरे के भीतर से स्टूडेंट्स के खिलखिलाने और बात करने की आवाज सुनी। वार्डन बच्चों के कमरे के अंदर गया। बच्चों के हाथ में मोबाइल देखकर उन्हें चिल्लाने लग। पूरे मामले की जानकारी वार्डन ने स्कूल के शिक्षक डीके सिंह को दी। इसके बाद शिक्षक और वार्डन ने चारों बच्चों को छड़ी और रॉड से पीटा। रायपुर DEO हिमांशु भारती ने बताया कि कलेक्टर गौरव सिंह ने मामले में जांच के निर्देश दिए हैं। दोनों पक्षों को सुनना जरूरी है। अब तक की जानकारी के मुताबिक बच्चे से मारपीट हुई है। उसका हेल्थ स्टेटस भी हम लगातार देख रहे हैं। जल्द इसमें एक्शन लिया जाएगा।





