नहर में तैरना सिखाने के दौरान बाप – बेटी बहे, पिता की मिली लाश, लड़की की तलाश

बालोद। जिले से एक दर्दनाक हादसा सामने आया है, जहां तांदुला नहर में नहाने के दौरान पिता और बेटी तेज बहाव की चपेट में आकर बह गए। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। यह हादसा पीपरछेड़ी गांव के पास हुआ, जहां ग्राम धोबनपुरी निवासी यमन गंजीर (35 वर्ष) अपनी 12 वर्षीय बेटी पल्लवी गंजीर को तैरना सिखाने के लिए नहर में उतरे थे। इसी दौरान अचानक पानी का बहाव तेज हो गया और दोनों बह गए।घटना के समय एक अन्य बच्ची दामिनी भी पानी में बहने लगी थी, लेकिन मौके पर मौजूद लोगों की सतर्कता से उसे सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और तत्काल रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया। तलाश में मदद के लिए तांदुला और गंगरेल बांध से पानी का बहाव अस्थायी रूप से रोका गया। गोताखोरों की टीम लगातार नहर में सर्च ऑपरेशन चला रही है। कड़ी मशक्कत के बाद गोताखोरों ने पिता यमन गंजीर का शव बरामद कर लिया है, जबकि बेटी पल्लवी की तलाश अभी भी जारी है। स्थानीय लोगों के अनुसार, मृतक पीपरछेड़ी गांव का दामाद था और ससुराल आया हुआ था। इस हादसे के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।

Hot Topics

Related Articles