डोंगरगांव– एक और ज़िंदग़ी तेज रफ्तार का शिकार हो गई। बड़गांव चारभाठा निवासी टोमेश कुमार भंडारी (28 वर्ष), जो पेशे से मोबाइल मैकेनिक था, की आज सुबह नादिया के पास उस समय दर्दनाक मौत हो गई जब वह खुज्जी मोबाइल पार्ट्स लेने जा रहा था और किसी अज्ञात वाहन ने उसकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर के बाद वह डिवाइडर से जा टकराया और घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया।
घटना के बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गया।
पुलिस ने बताया कि हादसे की सूचना मिलते ही टीम मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। युवक के हाथ और पैर तीन जगह से टूट चुके थे, जिससे टक्कर की भीषणता का अंदाजा लगाया जा सकता है। थाना प्रभारी ने बताया, “घटना स्थल नादिया के पास है। अज्ञात वाहन की तलाश के लिए सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं, जांच जारी है।”
घर की आर्थिक जिम्मेदारी उठाने वाला बेटा चला गया
टोमेश अपने माता-पिता का तीसरा पुत्र था, लेकिन घर की पूरी आर्थिक जिम्मेदारी उसी के कंधों पर थी टोमेश ही पूरे परिवार का सहारा बना हुआ था। उसका मेहनती और जिम्मेदार स्वभाव पूरे मोहल्ले में चर्चा में रहता था।
स्थानीय लोगों की नाराज़गी और सवाल
घटना से पूरे इलाके में शोक की लहर है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से सख़्त कार्रवाई की मांग करते हुए कहा कि बार-बार हो रहे हादसों के बावजूद सड़क सुरक्षा के प्रति कोई गंभीर कदम नहीं उठाया गया है।
एक और सवाल – रफ्तार की रेखा कौन खींचेगा?
टोमेश की मौत न केवल उसके परिवार के लिए, बल्कि पूरे समाज के लिए एक चेतावनी है – जब तक लापरवाह वाहन चालकों और बिना निगरानी वाली सड़कों पर नियंत्रण नहीं होगा, ऐसे हादसे किसी के भी घर उजाड़ सकते हैं।





