बिलासपुर (कमलकांत पाटनवार):- बिलासपुर दो दिन पहले ऑटो चालक के गले में उसी चाकू से हमला कर हत्या कर दी थी। पुलिस ने मामले में नाबालिग सहित दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
10 अगस्त की शाम करीब 4.45 बजे देवरीखुर्द चौक स्थित शराब दुकान के सामने ऑटो चालक शिवनंदन साहू की गले में चाकू घोंपकर हत्या कर दी गई थी। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी थी। काफी मशक्कत के बाद 11 अगस्त की सुबह ग्राम ढेका की एक टपरी में चाय पीते हुए नाबालिग को पकड़ लिया गया। पूछताछ में उसने हत्या करना स्वीकार किया। उसकी निशानदेही पर उसके साथी मस्तूरी कर्रा निवासी मनीष कैवर्त को भी गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस के अनुसार, मृतक शराब दुकान के सामने अपने दोस्त के साथ ऑटो में बैठा था। इसी दौरान दोनों आरोपी तेज रफ्तार से बाइक चलाते हुए आए और ऑटो के पास बाइक खड़ी कर दी। नशे में शिवनंदन ने उन्हें गाड़ी धीरे चलाने के लिए कहा। इस पर नाबालिग ने उससे विवाद किया। मृतक ने जैक रॉड दिखाकर उसे वहां से जाने को कहा। इसी दौरान नाबालिग ने जेब से चाकू निकालकर उसके गले में घोंप दिया और साथी के साथ बाइक से फरार हो गया।
टीआई रजनीश सिंह ने बताया कि नाबालिग कुछ दिन पहले अपने साथियों के साथ बाबाधाम गया था। वहां से चाकू खरीदकर दो दिन पहले ही लौटा था। पुलिस के अनुसार, नाबालिग अपने साथी को उसके घर छोड़कर अकेले लौट रहा था। बूटापारा में सिगरेट पीने के लिए रुका था। इसी दौरान बूटापारा निवासी सेवानिवृत्त रेलकर्मी कन्हैयालाल राजड़े ने उसे सड़क से बाइक हटाने के लिए कहा। इस पर नाबालिग ने चाकू निकालकर उनके गले में हमला कर दिया। भागते समय उसने चाकू दर्रीघाट नदी में फेंक दिया। इस मामले में भी पुलिस ने नाबालिग को गिरफ्तार कर लिया है।








