बालोद। छत्तीसगढ़ के बालोद जिले में होली पर्व से ठीक पहले एक नाबालिग के साथ गैंगरेप का गंभीर मामला सामने आया है। घटना दल्लीराजहरा थाना क्षेत्र के रजही डैम के पास घटी। जानकारी के अनुसार, पीड़िता अपने परिचित नाबालिग के साथ बाइक से घूमने गई थी, जहां पहले आरोपी ने उसके साथ दुष्कर्म किया और बाद में दो अन्य स्थानीय आरोपियों ने वीडियो बनाकर गैंगरेप को अंजाम दिया। पुलिस और स्थानीय अधिकारियों ने बताया कि रविवार को पीड़िता अपने नाबालिग परिचित के साथ रजहि डैम घूमने गई थी। जैसे ही वे डैम के पास पहुंचे, आरोपी की नीयत बिगड़ गई और उसने पीड़िता के साथ गलत कार्य किया। इस दौरान रजहि गांव के दो अन्य व्यक्तियों ने मौके पर पहुंचकर घटना का वीडियो बनाया और पीड़िता के साथ गैंगरेप किया। घटना के बाद पीड़िता घर लौट कर रोते-बिलखते अपने माता-पिता को पूरी घटना बताई। पीड़िता की मां ने तत्काल दल्लीराजहरा थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल कार्रवाई शुरू कर दी। पुलिस ने बताया कि मामले में तत्काल नाबालिग आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया। इसके अलावा दो अन्य आरोपियों की भी पहचान की गई और उन्हें भी गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। मामला दर्ज होने के बाद बालोद पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। सीएसपी बालोद ने मीडिया को बताया कि दल्लीराजहरा थाना क्षेत्र में रजहि डैम के पास हुई इस घटना में तीन आरोपी शामिल हैं। पीड़िता की मां ने लिखित आवेदन देकर बताया कि उनकी नाबालिग बेटी को आरोपी नाबालिग ने रजहि डैम के पास ले जाकर उसके साथ गलत काम किया। इसके बाद रजहि गांव के दो अन्य व्यक्तियों ने इस वारदात का वीडियो बनाया और पीड़िता के साथ दुष्कर्म किया। पुलिस ने मामले में अपराध क्रमांक 51/2026, धारा 147/2, 127, 62, 49 BNS और पाक्सो एक्ट की धारा 6 के तहत प्रकरण पंजीबद्ध किया है। तीनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत पर भेज दिया गया है। पुलिस ने मामले की गहन जांच शुरू कर दी है और घटनास्थल के आसपास के सीसीटीवी फुटेज, गवाहों और अन्य सबूतों को संकलित कर अपराधियों के खिलाफ पूरी कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित कर रही है। सीएसपी ने बताया कि बालोद पुलिस ने इस घटना के बाद संवेदनशीलता के साथ पीड़िता और उसके परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित की है। पीड़िता और उसके परिवार को मानसिक सहायता प्रदान करने के लिए सामाजिक और मानसिक स्वास्थ्य विभाग को भी सूचना दी गई है। पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे नाबालिगों के साथ किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर नजर रखें और किसी भी आपराधिक घटना की सूचना तुरंत पुलिस कंट्रोल रूम या नजदीकी थाना को दें। पुलिस ने कहा कि बालोद जिले में नाबालिगों के साथ होने वाले किसी भी प्रकार के अपराध पर जीरो टॉलरेंस नीति अपनाई जा रही है और अपराधियों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।





