डोंगरगांव।महिला एवं बच्चों के खिलाफ अपराधों को लेकर राजनांदगांव पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है। इसी क्रम में डोंगरगांव थाना पुलिस ने नाबालिग बालिका को बहला-फुसलाकर ले जाने और दुष्कर्म करने के मामले में आरोपी को नागपुर महाराष्ट्र से गिरफ्तार किया है। पुलिस ने नाबालिग बालिका को भी सकुशल बरामद कर लिया है। पुलिस के अनुसार प्रार्थी ने थाना डोंगरगांव पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई थी कि उसकी नाबालिग पुत्री 19 अगस्त 2026 की रात करीब 10 बजे घर से बिना बताए कहीं चली गई है और वापस नहीं लौटी। परिजनों ने आसपास के गांवों, रिश्तेदारों और परिचितों के यहां तलाश की, लेकिन बालिका का कोई सुराग नहीं मिला।शिकायत मिलने के बाद थाना डोंगरगांव में धारा 137(2) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज कर मामले की जांच शुरू की गई। पुलिस ने नाबालिग की तलाश के लिए अलग-अलग स्तर पर जांच शुरू की। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा के निर्देश पर विशेष टीम गठित की गई। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कीर्तन राठौर और एसडीओपी डोंगरगांव मंजूलता बाज के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी निरीक्षक आशीर्वाद राहटगांवकर के नेतृत्व में पुलिस टीम को आरोपी और बालिका की तलाश के लिए महाराष्ट्र के नागपुर रवाना किया गया।जांच के दौरान पुलिस को आरोपी कैलाश उइके पिता स्वर्गीय जागूलाल उइके (20 वर्ष), निवासी ग्राम लिलामेटा, पुलिस चौकी उकवा, थाना रूपझर, जिला बालाघाट मध्यप्रदेश के नागपुर में मौजूद होने की जानकारी मिली। पुलिस टीम ने 4 सितंबर 2026 को नागपुर स्थित मैक्स ग्लोरी अपार्टमेंट में दबिश देकर आरोपी को पकड़ लिया और नाबालिग बालिका को बरामद किया। पूछताछ में आरोपी ने अपराध करना स्वीकार किया। जांच में अपराध प्रमाणित पाए जाने के बाद पुलिस ने आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया। इस पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक आशीर्वाद राहटगांवकर, प्रशिक्षु उप निरीक्षक रमाकांत कुर्रे, सहायक उप निरीक्षक गोवर्धन देशमुख और आरक्षक रामचरण साहू की महत्वपूर्ण भूमिका रही।








