राजनांदगांव। कन्हारपुरी वार्ड में नगर निगम के अफसरों और ठेकेदार की लापरवाही ने एक युवक की जान ले ली। नाला निर्माण के लिए गड्ढा खोदा गया लेकिन बैरिकेडिंग नहीं की गई। रात में इस खोदे गए गड्ढे में गिरने से 25 वर्षीय युवक आकाश साहू की मौत हो गई। हादसे के बाद वार्ड में आक्रोश फैल गया। प्रशासन से लगातार एफआईआर दर्ज करने की मांग उठ रही थी। नगर निगम से मिले प्रतिवेदन के बाद शुक्रवार को कोतवाली पुलिस ने ठेकेदार और नगर निगम के अफसरों पर गैर इरादतन हत्या का मामला दर्ज कर लिया है। सीएसपी पुष्पेंद्र नायक ने बताया कि तिरंगा चौक पर मेन रोड पर एक पुल व नाले के निर्माण के संबंध में निगम से जानकारी मांगी गई थी। जानकारी मिलने के बाद मे. एमएमडी इंटरप्राइजेस के प्रो. प्रखर श्रीवास्तव, संजय कुमार वर्मा ईई नगर निगम, उप अभियंता अशोक कुमार देवांगन, सहायक अभियंता प्रणय मेश्राम के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। इनके खिलाफ धारा 106(1) और 3(5) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया है। पार्षद ने जुलाई में यातायात प्रभारी को लिखा था पत्र डेढ़ महीने से गड्ढा खुला पड़ा था। यहां कोई चेतावनी बोर्ड या बैरिकेडिंग नहीं की गई थी। वार्ड के पार्षद द्वारा यहां बैरिकेडिंग करने जुलाई में पत्र भी यातायात प्रभारी को लिखा था। बावजूद ध्यान नहीं दिया गया। स्थानीय निवासियों ने बताया कि यह गड्ढा पिछले करीब डेढ़ महीने से बिना किसी सुरक्षा इंतजाम के खुला पड़ा था। न कोई संकेतक बोर्ड लगाया गया और न ही बैरिकेडिंग की गई। मंगलवार रात बाइक से लौटते वक्त आकाश इस गड्ढे में गिर गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। कांग्रेस कमेटी ने पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने की मांग कर ज्ञापन सौंपा था।





